• Tue. Jul 28th, 2026

अवैध रूप खनन रोकने पर आलोट में पटवारी पर हमला : जेसीबी को थाने ले जाने पर मारपीट की, पंचनामा फाड़ा; हाथ में हुआ फैक्चर

BySurendra Jain

Jul 23, 2026

खबर पक्की, 23 जुलाई, रतलाम जिले के गांव देवगढ़ में अवैध रुप से खनन को रोकने पर एक पटवारी पर जानलेवा हमला हो गया। पटवारी के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। पटवारी के बैग से पंचनामा निकालकर फाड़ दिया। पटवारी का हाथ फैक्चर हो गया। आलोट से रतलाम रेफर किया है।
घटना गुरुवार दोपहर बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव देवगढ़ की है। पटवारी अजय चौहान शासकीय काम से देवगढ़ गए थे। रास्ते में उन्हें एक नाले के पास जेसीबी व टैक्टर से अवैध खनन करते कुछ लोग दिखे। जाकर उनसे पूछताछ की। लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। दस्तावेज मांगे। लेकिन वह भी नहीं थे। तब उन्होंने ग्रामीणों को साथ लेकर पंचनामा बनाया। जेसीबी को थाने ले चलने को कहा।
इस दौरान तीन लोगों ने पटवारी के साथ झूमाझटकी कर मारपीट शुरू कर दी। एक अन्य भी आ गया। चारों ने मिलकर पटवारी को पीट दिया। पटवारी के बैग से पंचनामा निकालकर फाड़ दिया। तब पटवारी ने मौके से अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। डायल 112 पर सूचना दी। इतने में मारपीट करने वाले वहां से भाग गए।
आलोट से किया रतलाम रेफर
बाद में पटवारी को ग्रामीण आलोट के सिविल हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने इलाज किया तो उनका एक हाथ फैक्चर पाया। हाथ पर प्लास्टर चढ़ाया। सिविल हॉस्पिटल में तहसीलदार वंदना किराड़े समेत अन्य अधिकारी भी पहुंचे। मारपीट करने वालों की तलाश पुलिस कर रही है। बेहतर इलाज के लिए आलोट से पटवारी को रतलाम रेफर किया है।
तहसीलदार वंदना किराड़े ने बताया कि पटवारी शासकीय काम से गांव गए थे। इस दौरान जेसीबी व टैक्टर से अवैध खनन करते हुए तीन लोगों से पूछताछ की। उन लोगों ने पटवारी पर हमला कर दिया। मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए। हमले में एक हाथ फैक्चर हो गया। पुलिस में केस दर्ज कराया जा रहा है। पटवारी को बेहतर इलाज के लिए रतलाम रेफर किया है।

error: Content is protected !!