• Tue. Jul 28th, 2026

कूरियर फ्रैंचाइसी के नाम पर एक लाख की ठगी:रतलाम में ऑनलाइन एग्रीमेंट कर रकम ली, ऑफिस नहीं खुला; साइबर फ्रॉड का केस दर्ज

BySurendra Jain

Jul 16, 2026

खबर पक्की, 16 जुलाई, रतलाम। रतलाम में कूरियर ऑफिस की फ्रैंचाइसी खोलने के नाम पर एक लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ऑनलाइन कंपनी का विज्ञापन देख संपर्क किया। पीड़ित ने ऑफिस के लिए सामान भी खरीद लिया। कंपनी द्वारा चार बार में बैंक खाते में कुल 1 लाख रुपए जमा करा लिए। एग्रीमेंट भी करवा लिया। लेकिन रुपए लेने के बाद ना तो कंपनी ने संपर्क किया और नहीं कोई ऑफिस खुल पाया।

मामला थाना औद्योगिक क्षेत्र का है। सखवाल नगर निवासी भारत (27) पिता कालूराम राठौड़ की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार देर शाम सायबर फ्रॉड के तहत अज्ञात के खिलाफ धारा 318(2) 319 (4) केस दर्ज किया है।

ऑनलाइन विज्ञापन देख किया संपर्क पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि मैंने ऑनलाइन 21 अगस्त 2025 को AIRE PINCODEDAK LOGITICS PRIVETE LIMITED द्वारा संचालित कंपनी का विज्ञापन देखा। कंपनी के बताए गए मोबाइल नंबर पर कॉन्टेक्ट कर कंपनी की जिला स्तर पर फ्रैंचाइसी (कूरियर ऑफिस) खोलने की बात कही।

कंपनी द्वारा बताए डिपोजिट राशि जमा कराने को कहा। संबंधित ने यश बैंक अकाउंट नम्बर देकर पूरी डिटेल उपलब्ध कराई। विश्वास करके उक्त अकाउंट पर आवेदक भारत ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया रेल्वे कॉलोनी रतलाम के खाते से 50 हजार, 40 हजार, 7500 व 2500 रुपए चार बार में कुल एक लाख रुपए जमा कंपनी के खाते में जमा कराए।

रुपए जमा करने पर आवेदक को एक एग्रीमेंट शेयर किया गया। आवेदक भारत द्वारा एग्रीमेंट साईन कर वापस मेल कर कंपनी ने PINCODEDAK का आईडी पासवर्ड भेजा। कंपनी द्वारा बताए अनुसार जिला स्तर पर वेयर हाउस (कूरियर ऑफिस) के संचालन से संबंधित सारी सामग्री खरीदने को कहा। आवेदक ‌द्वारा सारी सामग्री खरीद ली।

4 माह तक किया इंतजार रुपए जमा कराने व सारी प्रकिया करने के 4 माह के बाद भी AIRE PINCODEDAK LOGITICS PRIVETE LIMITED कंपनी से कोई पार्सल नहीं आया। ना ही कोई वेयर हाउस का संचालन के लिए 25 हजार रुपए आए। तब कंपनी में संपर्क किया तो कंपनी द्वारा मेल कर कंपनी बंद करना बताया।

जमा कराए एक लाख रुपए व सामान रख रखाव का चार्ज वापस लौटाने को कहा तो कंपनी ने कोई रिस्पांस नहीं दिया। पूरा घटनाक्रम 21 अगस्त 2025 से लेकर 28 जून 2026 के बीच का है।

1930 पर की शिकायत पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास होने पर 26 जून को नेशनल सिक्युरिटी नंबर सायबर 1930 पर शिकायत की। भोपाल सायबर सेल में शिकायत दर्ज हुई। वहां से रतलाम औद्योगिक थाने पर शिकायत फॉरवर्ड की गई। इसके बाद पुलिस ने 15 जुलाई को पीड़ित द्वारा बताए गए मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज किया।

थाना औद्योगिक प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!