• Tue. Jul 28th, 2026

पुलिया के डिवाइडर से टकराई कार : रतलाम के बाल रोग विशेषज्ञ और उनके ससुर की मौत;झपकी लेने से हुआ हादसा

BySurendra Jain

Jul 13, 2026

खबर पक्की, 13 जुलाई, रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रतलाम के बाल चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. मनीष सिंह और उनके 80 वर्षीय ससुर शिवनारायण राजौरिया की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब पूरा परिवार भोपाल से रतलाम लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 3.30 बजे धराड़ के आगे और टोल नाके से पहले एक छोटी पुलिया के डिवाइडर से कार टकराने के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डॉ. मनीष सिंह अपनी पत्नी स्टेफनी गुप्ता, दो बच्चों रैना और सयाना (7), साढ़ू अजय गुप्ता, उनकी पत्नी लवलीना गुप्ता और अपने 80 वर्षीय ससुर शिवनारायण राजौरिया के साथ भोपाल से रतलाम लौट रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
बिलपांक थाना पुलिस की सूचना पर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 42 वर्षीय डॉ. मनीष सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उनके ससुर शिवनारायण राजौरिया ने सोमवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल अन्य परिजनों का अस्पताल में उपचार जारी है।

error: Content is protected !!