खबर पक्की, 6 जुलाई, रतलाम। कारोबारी के यहां से 40 लाख रुपए की लूट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और ब्लिंकिट की ड्रेस भी जब्त की गई है। इससे पहले पुलिस घटना में शामिल कर्मचारी और लूटी गई पूरी 40 लाख रुपए की नकदी बरामद कर चुकी थी।
स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के शहर सराय निवासी कारोबारी मनीष पटवा ने 30 जून को अपने ऑफिस से 40 लाख रुपए लूटे जाने की एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना 29 जून की थी। कारोबारी के अनुसार, बैंक में लगातार छुट्टियां होने के कारण उनके मित्र और शराब ठेकेदार गौरव शर्मा ने कर्मचारी के माध्यम से 40 लाख रुपए सुरक्षित रखने के लिए उनके ऑफिस भिजवाए थे।
रुपए गिनने के दौरान कर्मचारी फरदीन खान ने बताया कि एक बदमाश ऑफिस के गलियारे में घुसा और 40 लाख रुपए से भरा बैग लेकर भाग गया। बाहर पहले से स्कूटी पर उसका साथी मौजूद था। दोनों ब्लिंकिट की ड्रेस पहनकर आए थे और स्कूटी से फरार हो गए।
कर्मचारी की कहानी पर शुरू से था संदेह
जांच के दौरान पुलिस को कर्मचारी फरदीन खान की कहानी संदिग्ध लगी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कड़ी पूछताछ में फरदीन टूट गया और उसने स्वीकार किया कि कर्ज के कारण उसने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी।
पुलिस ने पहले फरदीन खान (22), पिता फिरोज खान, निवासी वेदव्यास कॉलोनी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर लूट की पूरी 40 लाख रुपए की नकदी भी बरामद कर ली गई थी।
बस स्टैंड से पकड़े गए दोनों फरार आरोपी
घटना के बाद फरदीन का भाई फैज और उसका दोस्त असबाब, पिता सलीम रंगरेज, निवासी हाट रोड फरार हो गए थे। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों महू-नीमच बस स्टैंड पर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ब्लिंकिट की ड्रेस पहनकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी असबाब पहले ब्लिंकिट में काम कर चुका था। इसी वजह से उसने वारदात के दौरान ब्लिंकिट की ड्रेस पहनी, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और ब्लिंकिट की ड्रेस भी जब्त कर ली है।
पूर्व में गिरफ्तार कर्मचारी फरदीन न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। सोमवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया।
40 लाख की लूट में फरार दो आरोपी गिरफ्तार:रतलाम में कर्मचारी ने कर्ज चुकाने के लिए भाई और दोस्त से कराई थी लूट
