रतलाम। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 15 जुलाई को करमदी में नमकीन कलस्टर की औदयोंगिक इकाईयों का भूमिपूजन कर रतलाम विधानसभा क्षेत्र में जनआशीर्वाद यात्रा आरंभ करेंगे। उनकी यात्रा की ऐतिहासिक रूप देने के लिए रतलाम में भाजपा ने व्यापक तैयारियां की है। यात्रा के दौरान मार्ग और भवनों पर आकर्षक साज-सज्जा दीपावली जैसा उत्सवी माहौल बनाएगी। आमजन को यात्रा में सहभागिता के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र दिए गए है। जनसभा में मुख्यमंत्री 18 से 22 वर्ष के नवमतदाताओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे।
मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा शनिवार को उज्जैन में बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त कर आरंभ हुई। पहले दिन की सफलता से कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। रतलाम में जन आशीर्वाद यात्रा शाम 6 बजे करमदी से प्रवेश करेगी। भाजपा आईटी सेल द्वारा इसका सोश्यल मीडिया पर सीधा प्रसारण होगा। या़त्रा के दौरान रतलाम के मार्ग में इंदौर व बदनावर के कारीगरों द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन, गरीबों के आवास, मजदूर जनकल्याण सम्बल योजना एवं कुपोषण मुक्ति अभियान पर बनाई गई झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहेगी।
हितग्राहियों द्वारा किया जाएगा स्वागत
संत रविदास चौराहा पर मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के 100 से अधिक हितग्राही, घांस बाजार पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, चांदनी चौक में मजदूर जनकल्याण सम्बल योजना में बिजली बिल माफी के हितग्राही और तोपखाना पर चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे कुपोषण मुक्ति अभियान से लाभान्वित 500 बच्चों के परिवारजन झांकी के साथ उपस्थित रहकर मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। जनआशीर्वाद यात्रा के साथ शहर में 5 उपयात्राएं भी निकाली जाएगी, जिनमें भाजपा कार्यकर्ता गाजे-बाजे से शामिल होकर सभा स्थल पहुंचेगे। जनआशीर्वाद यात्रा संत रविदास चौराहा से घांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, लोहार रोड होते हुए शहीद चौक पहुंचेगी। यात्रा के पूरे मार्ग में शहर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा मुख्यमंत्री का मंच व स्वागत द्वार बनाकर स्वागत किया जाएगा।
जर्मन हेंगर का विशाल पांडाल
शहीद चौक में मुख्यमंत्री की सभा लिए भाजपा द्वारा बारिश को देखते हुए जर्मन हेंगर का विशाल पांडाल बनाया गया है। इससे शहरवासियों को वर्षा होने पर परेशानी नहीं आएगी। विधायक व राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने शहर वासियों से जनआशीर्वाद यात्रा में अधिक से अधिक उपस्थित होकर इसे सफल बनाने का आव्हान किया है।
उत्सवी माहौल में जनआशीर्वाद लेंगे शिवराज, जनसभा में नवमतदाताओं पर होगी पुष्पवर्षा
