खबर पक्की, 19 जून, रतलाम। पुलिस ने वाहन चेकिंग में 6 गुंडों को पकड़ा है। इनके पास 2 पिस्टल व 4 जिंदा कारतूस मिले है। यह सभी मिलकर गुंडा गैंग चलाते थे।
एक अन्य गुंडा गैंग से विवाद के चलते यह बदमाश पिस्टल के चलते निकले थे। लेकिन समय रहते पुलिस ने इनको पकड़ लिया, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। गुंडा गैंग का खुलासा एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार दोपहर में किया।
एसपी ने बताया कि थाना औद्योगिक प्रभारी गायत्री सोना व टीम द्वारा गुरुवार रात सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान एक पल्सर बाइक व एक्टिवा पर सवार 6 लोग तेज गति से आते दिखाए दिए। इन्हें रोककर पुछताछ की। तलाशी लेने पर पल्सर बाइक चला रहे रोहित उर्फ कृष्णा माली की कमर से एक अवैध पिस्टल मैगजीन व 4 जिंदा कारतूस मिले। एक्टिवा चला रहे जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू की कमर से एक अवैध पिस्टल मैगजीनके साथ व 2 जिंदा राउंड मिले।
लाइसेंस भी नहीं मिला
बाइक सवारों से उनके लाइसेंस व वाहन के दस्तावेज मांगे। लेकिन वह भी उनके पास नहीं थे। पुलिस ने मौके पर 2 अवैध पिस्टल व 6 जिंदा कारतूस बरामद कर 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। साथ पल्सर बाइक व एक्टिवा भी जप्त कर ली। जब्त सारी सामग्री की कीमत 1 लाख 80 हजार रुपए है।
रेलवे क्षेत्र में चलाते है गैंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ाए बदमाश मिलकर रेलवे क्षेत्र में गैंग चलाते है। पूर्व में इनका किसी से विवाद हुआ था। उसी के चलते यह लोग पिस्टल व कारतूस लेकर निकले थे। समय रहते यह गुंडे पुलिस की गिरफ्त में आ गए तो नहीं बड़ी घटना हो सकती थी। इसके अलावा जुए सट्?टे का लेनदेन भी सामने आ रहा है। यह बदमाश किसी को धमकाने वाले थे। इसलिए पिस्टल व कारतूस लेकर निकले थे।
इन्हें किया गिरफ्तार
रोहित उर्फ कृष्णा (19)पिता नरेंद्र माली निवासी मंडले कॉलोनी राउ जिला इंदौर हाल मुकाम विनोबा नगर रतलाम, वरुण उर्फ बंटी (23)पिता नंदकिशोर भार्गव निवासी बाजनखेड़ा, अबरार हुसैन (26)पिता जाकिर हुसैन निवासी पीएनटी कॉलोनी रतलाम, जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू (34)पिता राजेंद्रसिंह सोलंकी अशोक पाल निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी रतलाम, दीपेश उर्फ छोटा गोलू (22)पिता अशोक पाल निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी रतलाम, दीपांशु (20)पिता गोपाल डाबी मालवीय निवासी ग्राम भामल थांदला जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है।
रिकॉर्ड खंगाल रहे
एसपी अमित कुमार ने बताया कि विवाद के चलते आरोपी गैंग बनाकर वारदात को अंजाम देने वाले थे। इसके पहले पुलिस ने पकड़ लिया है। इनके साथ कौन-कौन लोग है। यह कहां से पिस्टल व कारतूस लेकर आए है। रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी।
2 पिस्टल, 6 कारतूस लेकर धमकाने जाते बदमाश पकड़ाए : रतलाम में वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तारी, वाहन चेकिंग में पुलिस ने पकड़ा
