• Thu. Jul 30th, 2026

महू-नीमच रोड स्थित ट्रैक्टर शोरूम पर 17 जून से धरने पर बैठेगा पीडि़त किसान, 14.10 लाख रुपए का नया ट्रैक्टर निकला खराब, कंपनी और डीलर पर अनदेखी का आरोप, पुलिस अधीक्षक से की शिकायत

BySurendra Jain

Jun 16, 2026

खबर पक्की, 16 जून, रतलाम। क्षेत्र के एक किसान द्वारा लाखों रुपये खर्च कर खरीदा गया नया ट्रैक्टर खराब निकलने और कंपनी व डीलर द्वारा सुनवाई न किए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इससे परेशान होकर पीडि़त किसान ने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। मांगें पूरी न होने पर पीडि़त ने आज यानी 17 जून 2026 से महू-नीमच रोड स्थित ट्रैक्टर शोरूम पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का ऐलान किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, ग्राम जामुन (हाल मुकाम आंवलिया भैरू, रतलाम) निवासी पीडि़त किसान वंश पिता विजेंद्र सिंह जाट ने दिनांक 11 नवंबर 2025 को न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर कंपनी का 65 हॉर्स पावर (॥क्क) का एक ट्रैक्टर 14,10,000 (चौदह लाख दस हजार रुपये) में खरीदा था। खरीद के समय कंपनी के अधिकृत व्यक्तियों और डीलर द्वारा भरोसा दिया गया था कि ट्रैक्टर बेहतरीन कार्य करेगा और इसकी सर्विसिंग व समस्त कार्य रतलाम डीलर के माध्यम से ही किए जाएंगे।
खरीदने के कुछ दिन बाद ही हुआ खराब, सुनवाई नहीं
किसान वंश जाट का आरोप है कि ट्रैक्टर खरीदने के कुछ ही दिनों बाद उसमें खराबी आने लगी। खराबी ठीक कराने के लिए ट्रैक्टर को दो बार बदनावर और एक बार सुखेड़ा मैकेनिक के पास भेजा गया, जिसका आने-जाने का खर्च भी कंपनी ने वहन नहीं किया। इसके बावजूद ट्रैक्टर की स्थिति जस की तस बनी हुई है और वह लगातार खराब चल रहा है। जब इस संबंध में कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर्स और डीलर (श्री साईं ट्रैक्टर्स / श्री श्यामजी जोशी डीलर्स, महू-नीमच रोड) से बात की गई, तो उनके द्वारा मामले को पूरी तरह अनसुना कर दिया गया।
कृषि सीजन में खड़ा है ट्रैक्टर, आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान किसान
पीडि़त किसान ने बताया कि वर्तमान में कृषि का मुख्य सीजन चल रहा है और ऐसे समय में उनका ?14 लाख से अधिक की कीमत का ट्रैक्टर घर पर बेकार खड़ा है। ट्रैक्टर न चलने के कारण वे अपने ग्राहकों का काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और ट्रैक्टर की बैंक किस्तें भरने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर किसान की मानसिक स्थिति भी बिगड़ रही है।
मांग पूरी होने तक शोरूम पर धरना देने की चेतावनी
किसान ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर कंपनी, उसके डिस्ट्रीब्यूटर्स (सी.एन.एच. इण्डस्ट्रीज इण्डिया प्रा.लि. नई दिल्ली व एल.टी.सी. लॉजिस्टिक प्रा.लि. भोपाल) और स्थानीय डीलर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
किसान का संकल्प है कि “जब तक कंपनी और डीलर मुझे हुए 2,00,000 (दो लाख रुपये) के आर्थिक नुकसान का मुआवजा नहीं दे देते और मेरा खराब ट्रैक्टर बदलकर नया ट्रैक्टर नहीं दे देते, तब तक मैं महू-नीमच रोड स्थित ट्रैक्टर शोरूम पर अपने ट्रैक्टर के साथ धरने पर बैठा रहूँगा। इस दौरान होने वाले किसी भी नुकसान या घटना की पूरी जिम्मेदारी कंपनी और डीलर की होगी।

error: Content is protected !!