खबर पक्की, 14 जून, रतलाम। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में 13-14 जून की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले के सभी अनुभागों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी रतलाम किशोर पाटनवाला, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर, उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान एवं आनंद स्वरूप सोनी ने किया। संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल की टीमों ने जिलेभर में गुंडे-बदमाशों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ एवं निगरानी के लिए सघन कार्रवाई की।
शहर में पैदल मार्च, लोगों से किया संवाद
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने पुराने कंट्रोल रूम पर रतलाम शहर अनुभाग के पुलिस बल की ब्रीफिंग कर टीमों को रवाना किया। इसके बाद पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर गुंडे-बदमाशों की चेकिंग की गई तथा जनसंवाद के माध्यम से आमजन को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
33 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 61 गिरफ्तारी वारंट तामील
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिलेभर में पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार 33 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया तथा 61 गिरफ्तारी वारंटों की तामील कराई। पुलिस ने कई संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की भी जांच-पड़ताल की।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
जिलेभर में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 33 स्थायी वारंटी और 61 गिरफ्तारी वारंट तामील, अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए रातभर चला विशेष अभियान
