खबर पक्की, 9 जून, रतलाम। शहर में शातिर ठगों ने रिटायर्ड शिक्षिका को बातों में उलझाकर उनका सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल से भरा बैग ठग लिया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना 7 जून की शाम की है, जबकि इसका सीसीटीवी सोमवार रात सामने आया।
जानकारी के अनुसार, मित्र निवास कॉलोनी निवासी मोहिनी रायचंदानी (72) ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मोहिनी ने पुलिस को बताया कि वह घर से शास्त्री नगर स्थित गुरुद्वारा जा रही थीं। इसी दौरान मिले दो युवकों ने बातचीत कर उन्हें अपने झांसे में लिया और पर्स लेकर भाग निकले।
मोहिनी रायचंदानी के मुताबिक रास्ते में शक्ति मेडिकल वाली गली में उन्हें दो युवक मिले, जिन्होंने बातचीत शुरू कर दी। दोनों ने उनसे कहा कि आजकल क्षेत्र में चोर-उचक्के घूम रहे हैं और सोने के गहने पहनकर बाहर निकलना सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने सलाह दी कि गहनों को उतारकर बैग में रख लेना चाहिए। बदमाशों ने इतनी सहजता और विश्वास के साथ बात की कि महिला को उनकी बात सही लगी और उन्होंने उन पर भरोसा कर लिया।
सोने का मंगलसूत्र उतरवाकर बैग में रखवा लिया
युवकों की बात मानते हुए मोहिनी रायचंदानी ने करीब एक तोले का सोने का मंगलसूत्र उतारकर अपने बैग में रख लिया। इसके बाद वह गुरुद्वारा की ओर बढ़ गईं। मोहिनी के अनुसार वह वहां से करीब 10 से 15 कदम ही आगे बढ़ी थीं कि वही दोनों युवक फिर उनके पास पहुंच गए।
बुजुर्ग से कहा- बैग दे दो, बाद में वापस भी कर देंगे
दोनों आरोपियों ने महिला से कहा कि बैग उन्हें दे दें, वे उसे सुरक्षित रखेंगे और बाद में वापस भी कर देंगे। बुजुर्ग महिला उनके झांसे में आ गईं और उन्होंने अपना बैग उनके हवाले कर दिया। बैग हाथ में मिलते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला को कुछ समझ आता, उससे पहले वे काफी दूर निकल चुके थे।
बैग में मंगलसूत्र, मोबाइल और दो हजार कैश था
महिला ने पुलिस को बताया कि बैग में एक तोले का मंगलसूत्र रखने के अलावा करीब डेढ़ तोले की सोने की पाटली, एक की-पैड मोबाइल फोन और लगभग दो हजार रुपए नकद भी रखे हुए थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने परिवार के लोगों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
बाइक सवार दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था
घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि बैग लेने के बाद दोनों आरोपी पहले से मौजूद दो बाइक सवारों के पास पहुंचे। इसके बाद चारों अलग-अलग बाइक से फरार हो गए। बाइक चला रहे दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था। फुटेज के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वारदात में चार लोग शामिल थे।
आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों की जांच
स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटा लिए गए हैं। इनके आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों की जांच की जा रही है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर टीमों को तलाश में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रिटायर्ड शिक्षिका से ठगी, बातों में उलझाकर सोने के जेवर और नकदी से भरा बैग ले उड़े बदमाश
