खबर पक्की, 7 जून, रतलाम। रविवार दोपहर झाबुआ जिले के एक प्रेमी युगल के शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
राहगीरों ने युवक-युवती को बेसुध हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो दोनों मृत मिले।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों प्रेमी थे और एक दिन पहले अपने घर से भाग गए थे।
दोनों झाबुआ जिले के रहने वाले
मामला बिलपांक थाना क्षेत्र का है। मूंदड़ी और धराड़ के बीच धतुरिया के पास रूपाखेड़ा रोड किनारे रविवार दोपहर करीब 3 बजे युवक और युवती के शव पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान राहजिंग (20) पिता धीरजी पारगी और युवती की पहचान ज्योति (19) पिता शांतिलाल गामड़ के रूप में हुई है। दोनों झाबुआ जिले की गुणवाद तहसील के पिपलीपाड़ा गांव के निवासी थे।
एक दिन पहले घर से निकले थे
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और प्रेम संबंध में थे। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार को अपने घर से निकले थे। इसके बाद रविवार को उनके शव रतलाम जिले में सड़क किनारे मिले। घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी किशोर पाटनवाला, थाना प्रभारी अयूब खान और एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। दोपहर करीब 4.30 बजे शव मेडिकल कॉलेज पहुंचाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
