• Mon. Nov 2nd, 2026

दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में अवैध शराब और दो मोटरसाइकिलें जब्त, आरोपी फरार

BySurendra Jain

Jun 7, 2026

खबर पक्की, 7 जून, रतलाम। पिपलोदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयां की हैं। पुलिस ने मौके से अवैध शराब (बीयर, मसाला और प्लेन शराब) के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस को देखकर आरोपी वाहन और शराब छोड़कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिपलोदा-बड़ायला माताजी रोड स्थित मुकेश पाटीदार के खेत के पास, मेन रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान एक होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 43-डीआर-2531) का अज्ञात चालक पुलिस को देखकर वाहन और शराब छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो वहां से 2 पेटी लीमोंट बीयर (कुल 48 टिन) जिसकी कीमत 9,600 रुपये और 1 पेटी मसाला शराब (कुल 50 क्वार्टर) जिसकी कीमत 4,000 रुपये बरामद हुई। पुलिस ने 35,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 48,600 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
दूसरा मामला : 64 हजार रुपये के मशरूके के साथ दूसरी बाइक जब्त
शराब तस्करी का दूसरा मामला भी इसी थाना क्षेत्र का है, जहां एक होंडा सीडी 110 ड्रीम मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 43-डीआर-6447) पर अज्ञात चालक और उसके साथी द्वारा अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी बाइक और माल छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 पेटी प्लेन शराब और 2 पेटी मसाला शराब (प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर, कुल 300 क्वार्टर) जब्त की, जिसकी कुल कीमत 24,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने 40,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 64,000 रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पिपलोदा थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मोटरसाइकिलों के चेसिस और इंजन नंबर तथा रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post

खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करें डीएसओ : कलेक्टर श्री कटेसरिया, कम राशन वितरण पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, दुकानवार समीक्षा कर जिम्मेदारी तय करने के दिए निर्देश
मध्यप्रदेश का वर्तमान परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है, महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं : सांसद श्रीमती चौहान, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर गुलाब चक्कर में हुआ जिला स्तरीय समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अतिथियों ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन
पहचान छिपाकर होटल में हिन्दू युवती संग रुका रिजवान : करवाचौथ की पूजन सामग्री रखी मिली; युवक, होटल संचालक पर केस

You missed

error: Content is protected !!