• Tue. Sep 15th, 2026

मथुरा से लौट रहे श्रद्धालुओं के ट्रेवलर का टायर फटा : खंभों से टकराकर पलटी खाई, सूरत का परिवार था सवार, ड्राइवर का पैर फ्रैक्चर

BySurendra Jain

May 31, 2026

खबर पक्की, 31 मई, रतलाम। रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक ट्रेवलर वाहन का टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर खंभों से टकराते हुए पलट गया। हादसे में ड्राइवर का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं। वाहन में सवार सभी लोग गुजरात के सूरत के रहने वाले हैं। वे मथुरा-वृंदावन की यात्रा कर अपने घर लौट रहे थे।
हादसा सुबह करीब 5 बजे पलसोड़ी के पास हुआ। परिवार वाहन क्रमांक त्रछ्व 05 ष्टङ्घ 2121 में सवार था। अचानक ट्रेवलर का टायर फट गया, जिससे ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया। वाहन 8 लेन सड़क किनारे लगे खंभों से टकराते हुए एक पलटी खा गया।
हादसे में ड्राइवर शैलेष भाई (42) पिता मनु सोलंकी का पैर फ्रैक्चर हो गया। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मथुरा की यात्रा कर लौट रहा था परिवार
वाहन में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे। इनमें कृष्णाबेन (28) पति आशीष, जयाबेन (60) पति फरग, आशीष (31) पिता फरग, मयूर (35) पिता फरगभाई तथा प्रगजीभाई (60) पिता रणछोड़ निवासी योगी चौक, थाना सरथाना, जिला सूरत शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर 8 लेन की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सुबह करीब 6.33 बजे मेडिकल कॉलेज लाया गया। सुबह करीब 11 बजे सभी लोग दूसरे वाहन से गुजरात के लिए रवाना हो गए। केवल ड्राइवर रतलाम में भर्ती है।
हादसे के कारण को लेकर अलग-अलग दावे
घायल ड्राइवर का कहना है कि गाड़ी के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया था। पीछे बैठे किसी व्यक्ति ने आवाज लगाई, अरे, देखना, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और खंभे से टकराकर पलट गया। वहीं, 8 लेन के कर्मचारियों का कहना है कि वाहन का टायर फटने के कारण हादसा हुआ। डीडी नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!