• Fri. Sep 18th, 2026

चोरों के हौसले बुलंद : स्टेशन रोड थाने के पीछे कपड़ा दुकान में एक ही रात में दो बार चोरी, पहले कैश फिर लैपटॉप ले उड़ा, एक बार चोरी कर पूरे क्षेत्र में आराम से घुम कर दूसरी बार फिर चोरी करने पहुंचा बदमाश

BySurendra Jain

May 23, 2026

खबर पक्की, 23 मई, रतलाम। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सैलाना में सराफा दुकान से करीब 20 लाख रुपए की चोरी के अगले ही दिन शहर के बीचोंबीच एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस बार चोरों ने स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे चोरी को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोर एक ही रात में दो बार दुकान में घुसा और आराम से चोरी कर निकल गया।
घटना न्यू रोड स्थित गुजराती समाज स्कूल के सामने और स्टेशन रोड थाने से करीब 300 मीटर दूरी पर स्थित एक गारमेंट्स दुकान की है। यहां चोर पहले रात करीब 3:30 बजे पहुंचा और महज 8 मिनट में गल्ले से 92 हजार रुपए से ज्यादा नकदी साफ कर दी। लेकिन इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा। करीब एक घंटे बाद वही चोर फिर लौटकर आया और इस बार दुकान से लैपटॉप, चार्जर और स्कैनर चोरी कर ले गया।
गारमेंट्स दुकान संचालक हातिम कुतुबउद्दीन पाकावाला के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे उनका छोटा भाई हुसैन दुकान पर पहुंचा तो शटर पूरी तरह खुली मिली। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था। कर्मचारी को फोन लगाया तो पता चला कि वह अभी तक दुकान पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद गल्ला चेक किया गया तो उसमें रखे पर्स से 65 हजार रुपए गायब थे। साथ ही एक बॉक्स में रखे 25 हजार रुपए और गल्ले में रखी खुली नकदी भी चोरी हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज देखकर सभी हैरान रह गए। कैमरों में साफ दिखाई दिया कि चोर पहले 3:30 बजे दुकान में घुसा और नकदी लेकर निकल गया। इसके बाद वह शहर की सड़कों पर घूमता रहा और करीब 4.45 बजे फिर उसी दुकान में पहुंच गया। दूसरी बार उसने करीब 45 हजार रुपए कीमत का लैपटॉप, उसका चार्जर और स्कैनर चुरा लिया।
जांच में सामने आया कि चोर पहली चोरी के बाद शास्त्री नगर, पावर हाउस रोड, दो बत्ती और न्यू रोड क्षेत्र में घूमता रहा। बाद में वह वापस दुकान पहुंचा और दूसरी वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद वह दो बत्ती से फ्रीगंज की ओर गया और रेलवे स्टेशन के पीछे की पटरियों की तरफ निकल गया। वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण उसकी आगे की लोकेशन नहीं मिल सकी। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी ट्रेन में बैठकर फरार हो गया होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि करीब 3 किलोमीटर तक शहर की सड़कों पर घूमने वाला यह चोर पूरी रात पुलिस की नजर से कैसे बचा रहा। स्टेशन रोड थाना महज कुछ सौ मीटर दूर होने के बावजूद चोर ने दो बार चोरी की और आराम से निकल गया, लेकिन उसे रोकने वाला कोई नहीं मिला।

You missed

error: Content is protected !!