• Mon. Aug 10th, 2026

पवन चक्कियों की केबल चोरी करने आए बदमाशों को पकडऩे गई पुलिस टीम पर पथराव, चौकीदार और पुलिसकर्मी घायल, 15 गिरफ्तार, डकैती का प्रकरण दर्ज

BySurendra Jain

May 21, 2026

खबर पक्की, 21 मई, रतलाम। जिले में पवन चक्कियों से कॉपर केबल चोरी करने वाले बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया। मंगलवार देर रात रोला मगरे स्थित विंड फार्म पर चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे 15 से 20 बदमाशों ने पुलिस पहुंचते ही ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। हमले में पुलिस वाहन के सभी कांच चकनाचूर हो गए, जबकि एक एएसआई सहित पुलिसकर्मी घायल हो गए। बदमाशों ने चौकीदार को भी बेरहमी से पीटा, जो गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 12 बजे एक पिकअप और बोलेरो वाहन में सवार होकर बदमाश विंड फार्म पहुंचे थे। यहां उन्होंने सबसे पहले चौकीदार दूला पिता नानूराम निवासी रीछा गुर्जर के साथ मारपीट की। बदमाशों ने उसके सिर पर पत्थर से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जावरा, फिर रतलाम और बाद में इंदौर रेफर करना पड़ा।
इसी दौरान सूचना मिलने पर रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद, एएसआई संजय बोराना और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस वाहन देखते ही पहाड़ी पर छिपे बदमाशों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। भारी पथराव में पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एएसआई संजय बोराना घायल हो गए, जबकि टीआई आजाद समेत दो-तीन जवानों को भी हल्की चोटें आईं।
आसपास से बुलाया बल, घेराबंदी कर पकड़ा
इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला। टीआई आजाद ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर आसपास के थानों और चौकियों से अतिरिक्त बल बुलाया। रातभर चली दबिश के बाद पुलिस ने 15 बदमाशों को हिरासत में ले लिया। उनकी निशानदेही पर एक वाहन जब्त किया गया, जिसमें विंड कंपनी की चोरी की गई केबल भी बरामद हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ डकैती सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

error: Content is protected !!