खबर पक्की, 16 मई, रतलाम। सर्किल जेल में बंद एनडीपीएस एक्ट के 19 वर्षीय युवक के साथ जेल के अंदर यौन शोषण के मामले में जावरा कोर्ट के एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए है। इसके लिए रतलाम एसपी को एक लेटर भेजा है। साथ ही जेल के जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई करने को कहा है।
जावरा पुलिस ने तस्करी के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया था। बाद में कोर्ट ने उसे रतलाम सर्किल जेल भेज दिया। युवक ने जेल में बंद एक अन्य आरोपी द्वारा उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। पीडि़त युवक ने जेल में मुलाकात के दौरान अपने साथ हुई घटना की जानकारी पिता को दी थी।
पिता ने जेल प्रबंधन से मौखिक शिकायत की। लेकिन जेल के जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद पिता ने जावरा में वकील देवेंद्र भटनागर को सारी बात बताई। तब वकील भटनागर 8 मई को रतलाम आए। सर्किल जेल में जेल प्रबंधन को घटना के बारे में अवगत कराते हुए शिकायत की। फिर भी जेल अधीक्षक समेत अन्य जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।
जावरा कोर्ट में की थी शिकायत
रतलाम जेल में सुनवाई नहीं होने पर पीडि़त के पिता के साथ वकील भटनागर ने शपथ-पत्र के जरिए जावरा की विशेष एनडीपीएस कोर्ट में आवेदन देकर जांच और एफआईआर की मांग की। कोर्ट में बताया कि जेल प्रबंधन को शिकायत की, लेकिन कोई जांच नहीं की और नहीं किसी बात को सुना गया। इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर सोमवार को पीडि़त आरोपी युवक का मेडिकल बोर्ड से जिला अस्पताल रतलाम में मेडिकल हुआ। साथ ही रतलाम कोर्ट में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के समक्ष पीडि़त के बयान हुए थे।
बयान में युवक ने बताया था कि 27 अप्रैल की रात उसके साथ बैरक में बंद एक अन्य आरोपी तैयब ने मारपीट की थी। डराने-धमकाने के साथ ही योन शोषण (अप्राकृतिक कृत्य) किया था। जेल प्रबंधन को इस बारे में बताया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पूरा घटनाक्रम सीजेएम के समक्ष युवक ने बताया था।
जिस पर आरोप, वह दुष्कर्म का आरोपी
कोर्ट में दिए गए आवेदन में जिस कैदी पर शोषण का आरोप लगाया गया है, वह एक महिला से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद है। शुक्रवार को एफआईआर के निर्देश के बाद कोर्ट के आदेश पर रतलाम सर्किल जेल में बंद पीडि़त युवक को रतलाम से जावरा उपजेल में शिफ्ट कर दिया है। ताकि किसी प्रकार से जांच प्रभावित ना हो।
एफआईआर व जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
पीडि़त के एडवोकेट देवेंद्र भटनागर ने बताया जावरा एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश ने पीडि़त युवक के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर मामले में एसपी को लेटर भेजा है। एफआईआर दर्ज करने व जेल प्रबंधन के जो भी जिम्मेदार है उनकी जांच कर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने को कहा है। हालांकि देर रात तक एसपी ने लेटर नहीं मिलने की बात कहते हुए बताया कि लेटर मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में शुरू से जेल प्रबंधन के जिम्मेदार कुछ भी बोलने से बच रहे है। मामला सामने आने के बाद भी जेल अधीक्षक लक्ष्मणसिंह भदौरिया का कहना था कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई। जबकि खुद पीडि़त ने अपने बयान व वकील ने कोर्ट में दिए शपथ पत्र के साथ शिकायती आवेदन में जेल में शिकायत करने की बात कही। लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया।
सर्किल जेल में यौन शोषण का मामला : जांच के बाद कोर्ट सख्त, एसपी को एफआईआर करने को कहा, जेल के जिम्मेदारों पर भी होगी कार्रवाई
