खबर पक्की, 14 मई, रतलाम। जिले के शिवगढ़ में गुरुवार को पेड़ काटने के दौरान रिटायर्ड शिक्षक पर जा गिरा। जिससे मौके पर उनकी मौत हो गई। पेड़ काटने वाले वहां से फरार हो गए। पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।
शिवगढ़ निवासी कृष्णा राठौर (86) प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह गांव में स्थित अपने रिसॉर्ट पर फूल लेने जा रहे थे। तभी रास्ते में अचानक से बबूल का एक पेड़ उनके सिर पर आकर गिरा। इससे वह बुलेट समेत नीचे गिर गए। पेड़ उनके सिर पर आने से सिर फट गया। अंदर की पसलिया भी टूट गईं। आसपास वालों को जानकारी मिलने पर तुरंत उन्हें लेकर रतलाम मेडिकल कॉलेज लाए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पेड़ काटने वाले भाग गए
मृतक शिक्षक के बेटे महिपाल सिंह राठौर ने बताया कि पिताजी प्रतिदिन रिसॉर्ट में फूल लेने जाते थे। सुबह कुछ लोग पेड़ काट रहे थे। पेड़ काटने के पहले उन लोगों ने ध्यान नहीं रखा और न ही रास्ता रोका। इसी दौरान पिताजी का वहां जाना हुआ और पेड़ का हिस्सा उनके ऊपर आकर गिर गया।
जनपद सदस्य भी रह चुके थे
मृतक कृष्णा राठौर 2003 में प्रधानाध्यापक के पद से शिवगढ़ के बालक प्राथमिक स्कूल से रिटायर्ड हुए थे। इसके अलावा वह सैलाना जनपद सदस्य भी रह चुके थे। बेटे ने बताया कि पुलिस को शिकायत की है। पेड़ काटने वालों पर कार्रवाई की जाए।
रिटायर्ड टीचर गिरा पेड़, सिर फटने से मौत : रिसॉर्ट में चोरी छिपे काट रहे थे आरोपी, घटना के बाद फरार
