• Thu. Sep 17th, 2026

पुलिस को मिली सफलता : मंदिर में चोरी करने वाली गैंग 24 घंटे में दबोची, चोरी का माल बरामद

BySurendra Jain

May 11, 2026

खबर पक्की, 11 मई, रतलाम। पुलिस की तत्परता और सक्रियता से कालिका माता मंदिर में हुई चोरी का खुलासा मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया मश्रुका भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विवेकानंद मार्ग निवासी कालिका माता मंदिर के पुजारी नवनीत शर्मा ने 10 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने मंदिर का गेट तोड़कर प्रवेश किया। बदमाशों ने रेलिंग से वेल्डिंग किए गए दानपात्र को तोडऩे की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद आरोपी वहां रखा आहुजा कंपनी का एम्पलीफायर सिस्टम और शार्प प्लस कंपनी की विद्युत मोटर (टिल्लू पंप) चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन एवं एसडीओपी नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने पिपलोदा फंटा सैलाना-रतलाम बायपास पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को धरदबोचा।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने आरोपी दिनेश पिता धन्नालाल मईडा 25 वर्ष निवासी मकोडिय़ा रूण्डा, थाना सरवन, विजय पिता बसा मईडा 22 वर्ष निवासी नवलखा, सैलाना को गिरफ्तार किया साथ ही एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 25,000 रुपये कीमत का चोरी गया एम्पलीफायर और टिल्लू पंप बरामद कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी पिंकी आकाश, सउनि शंकरसिंह शक्तावत, प्रधान आरक्षक मनीष ओझा, पप्पू वाघेला, संदीप भदौरिया, आरक्षक फकीरचंद्र सोलंकी, तूफान भूरिया, दिनेश पाटीदार, यशपाल धनगर और महिला आरक्षक टीना सिसोदिया का विशेष योगदान रहा।

error: Content is protected !!