• Tue. Sep 29th, 2026

विशेष यातायात सुरक्षा अभियान : 1374 बिना हेलमेट वाहन चालकों पर कार्रवाई

BySurendra Jain

May 10, 2026

खबर पक्की, 10 मई, रतलाम। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात आनंद सोनी के नेतृत्व में जिलेभर में विशेष यातायात सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि को कम करना है।
अभियान के तहत यातायात पुलिस एवं थाना स्तर की टीमों द्वारा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों एवं मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में समझाइश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
जागरूकता अभियान के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। 26 अप्रैल 2026 से 9 मई 2026 तक जिलेभर में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 1374 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 4 लाख 9 हजार 200 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
रतलाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार और परिचितों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

error: Content is protected !!