• Thu. Sep 17th, 2026

पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 13.69 लाख का अवैध मादक पदार्थ और पिस्टल जप्त, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार

BySurendra Jain

May 7, 2026

खबर पक्की, 7 मई, रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थ और संगठित अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान को आज बड़ी सफलता मिली है। थाना ताल पुलिस ने मकनपुरा में दबिश देकर भारी मात्रा में डोडाचूरा, अफीम और अवैध हथियार जप्त किए हैं। जप्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 13.69 लाख रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ताल स्वराज डाबी की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकनपुरा क्षेत्र में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। पुलिस टीम ने जब बताए गए स्थान पर दबिश दी, तो आरोपी आमिन खाँ के घर के बाहर रखे 08 कट्टों और एक इंडिगो कार (त्रछ्व05क्चङ्क0258) में रखे 04 कट्टों से कुल 208.830 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
हथियार और अफीम भी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को डोडाचूरा के अलावा 3.480 किलोग्राम अवैध अफीम और एक अवैध लोहे की पिस्टल मय दो जिंदा राउंड भी मिले। हालांकि, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी आमिन खाँ, उसका भाई छोटू उर्फ बुक्कु और साथी इब्राहिम मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, एसआई मोहम्मद अय्युब खाँ, एसआई रविन्द्र मालवीय, एएसआई पंकज भम्भोरिया और उनकी टीम (आरक्षक शुभम, मनोहर, पवन, प्रीतम, अमरसिंह, सांवरिया व सैनिक विनोदसिंह) का विशेष योगदान रहा।

error: Content is protected !!