खबर पक्की, 6 मई, रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक लोडिंग वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में शादी समारोह का टेंट सामान भरा हुआ था, जो देखते ही देखते आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि ड्रायवर की सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, लोडिंग वाहन रतलाम से गांव धराड़ की ओर टेंट का सामान लेकर जा रहा था। रतलाम सीमा पार करने के बाद महू-नीमच फोरलेन किनारे स्थित चौपाल सागर के पास अचानक वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति भांपते हुए ड्रायवर ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और खुद कूदकर बाहर निकल गया।
कुछ ही पलों में भड़की भीषण आग
ड्रायवर के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और लोडिंग में रखा पूरा टेंट सामान जलकर नष्ट हो गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरा वाहन भी उसकी चपेट में आ गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, यातायात प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही सालाखेड़ी चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, इस दौरान करीब आधे से पौन घंटे तक फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों को रोकना पड़ा।
कोई जनहानि नहीं, सामान का नुकसान
सालाखेड़ी चौकी प्रभारी जगदीशचंद्र यादव के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन टेंट सामग्री और लोडिंग वाहन पूरी तरह जल गए।
चलते लोडिंग वाहन में लगी आग, ड्रायवर ने कूदकर बचाई जान, टेंट सामग्री सहित लोडिंग जलकर राख
