• Fri. Nov 6th, 2026

जनसुनवाई में 126 आवेदनों पर सुनवाई, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

BySurendra Jain

May 5, 2026

खबर पक्की, 5 मई, रतलाम। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 126 आवेदनों पर सुनवाई की गई। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कलेक्टर कक्ष में लंबे समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। वहीं, कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने भी आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया गया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए विभाग प्रमुखों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं। ग्राम उपरवाड़ा (विकासखंड जावरा) निवासी सुरेश पिता जगदीश ने अपनी पुत्री का जाति प्रमाण पत्र लंबे समय से लंबित होने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम जावरा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम भारोड़ा निवासी प्रहलाद सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि बैंक द्वारा केसीसी ऋण बकाया होने के कारण नहीं दिए जाने की समस्या रखी, जिस पर एलडीएम को प्रकरण के निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।
इसी तरह ग्राम चोरासी बड़ायला (तहसील पिपलोदा) निवासी सलीम पिता फकीर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम आने के बावजूद राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।वहीं, ग्राम तालोद (तहसील आलोट) निवासी विक्रमसिंह पिता भगवानसिंह ने कृषि भूमि के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के तारों की ऊंचाई बढ़ाने एवं जर्जर विद्युत पोल के स्थान पर नया पोल लगाने की मांग की। इस संबंध में एमपीईबी के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।

error: Content is protected !!