खबर पक्की, 24 अप्रैल, रतलाम। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों माणक चौक, न्यू क्लॉथ मार्केट और गणेश देवरी में शुक्रवार को नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई की गई। सुबह से ही निगम का अमला बाजार क्षेत्र में पहुंचा और व्यवस्थित तरीके से अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने सबसे पहले अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। दुकानों के बाहर रखे सामान, और अन्य अवैध कब्जों को हटाकर जब्त किया गया। इसके साथ ही कई स्थानों पर नालियों के ऊपर बनाए गए स्थायी ओटलों पर भी कार्रवाई की गई और हथौड़ों से उन्हें तोड़ा गया। लोहे के खोखले ढांचे भी निगम द्वारा जब्त किए गए।
निगम अमले ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण न करें, अन्यथा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, कुछ स्थानों पर कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों और दुकानदारों के बीच हल्की बहस भी देखने को मिली, लेकिन अभियान लगातार जारी रहा।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पूर्व भी बाजार क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद दोबारा अतिक्रमण सामने आने पर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है।
इधर, आम जनता ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से अभियान चलता रहा, तो शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और बाजार अधिक व्यवस्थित बन सकेंगे।
गणेश देवरी सहित प्रमुख बाजार में नगर निगम की सख्त कार्रवाई, अमले ने हटाया अतिक्रमण, चले हथोड़े
