खबर पक्की, 16 अप्रैल, रतलाम। जिले के नामली थाने में रेप के एक आरोपी ने हवालात में फांसी लगा ली। मृतक के खिलाफ उसी के 16 साल की बेटी ने रेप का केस दर्ज कराया था। बंदी गृह में फांसी लगाने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मृतक नामली थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला था। बुधवार शाम मृतक की 16 साल की बेटी ने रेप का आरोप लगाया था। इसके बाद नामली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर बुधवार रात करीब 9.40 बजे गिरफ्तार किया था।
रात 2.30 बजे तक आरोपी हवालात में बैठा हुआ सीसीटीवी में दिखाई दिया। सुबह 4 बजे बंदी गृह के इंचार्ज नारायण जादौन ने सीसीटीवी में देखा। तो आरोपी एक साइड फांसी लगा हुआ बेसुध दिखा। तभी हवालात में आकर देखा तो पानी के पाइप से अपने लोअर के नाड़े से फांसी लगा रखी थी।
सुबह सूचना मिलने पर एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल, ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर भी पहुंचे। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए जज भी थाने पहुंचे। सुबह 10 बजे पूरी कार्रवाई के बाद शव को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा।
दो बार दुष्कर्म का लगाया था आरोप
बेटी ने पिता पर दो बार दुष्कर्म का आरोप अपनी एफआईआर में लगाया था। मौत के बाद मृतक के परिजन भी थाने पहुंचे। मृतक के अंकल के लड़के ने मृतक के ससुराल वालों द्वारा परेशान करने और बेटी से मां द्वारा झूठा केस दर्ज कराने की आरोप लगाया है।
इनका कहना है कि ससुराल के खिलाफ नामली थाने में बुधवार को शिकायत की थी। इसके बाद शाम को बेटी ने अपनी मां के साथ थाने आकर पिता के खिलाफ एफआईआर कराई। मृतक खेतीबाड़ी करता है।
ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर ने बताया कि एक बंदी ने हवालात में फांसी लगाई है। बेटी ने दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था। सारे विधिक पहलुओं की के तहत जांच की जारी है।
