• Mon. Sep 14th, 2026

पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई : नामली थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पकड़ी 103 लीटर शराब

BySurendra Jain

Apr 6, 2026

खबर पक्की, 6 अप्रैल, रतलाम। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले भर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नामली को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में कुल 103.68 बल्क लीटर अवैध शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
थाना प्रभारी गायत्री सोनी से मिली जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई खेत में छिपाकर रखी 10 पेटी शराब बरामद करने की है। शनिवार रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सेमलिया में विशाल राठौड़ के खेत पर दबिश दी। यहाँ भूसे और कण्डों के बीच छिपाकर रखी गई 10 पेटी (90 लीटर) अवैध देशी प्लेन शराब बरामद की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 113/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
वही दूसरी कार्रवाई में चेकिंग के दौरान दो आरोपी गिरफ्तार किए है। रविवार को पंचेड फंटे के पास आम रोड पर घेराबंदी कर दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक पेटी देशी प्लेन और एक पेटी देशी मसाला शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से गजेन्द्रसिंह सक्तावत (25 वर्ष) और रोहित सोलंकी (23 वर्ष), दोनों निवासी नई आबादी पंचेड, को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी, उप-निरीक्षक के.के. पटेल, सउनि राजेन्द्र जगताप, प्रधान आरक्षक कांतिलाल, गोपाल खराडी, आरक्षक माखन सिंह, कुणाल रावत और हरिओम की मुख्य भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!