• Fri. Aug 14th, 2026

फोरलेन पर स्लीपर बस पीछे से ट्रॉले में घुसी, 5 घायल, जोधपुर से इंदौर जा रही थी, स्पीड कंट्रोल नहीं कर पाया ड्राइवर

BySurendra Jain

Apr 4, 2026

खबर पक्की, 4 अप्रैल, रतलाम। मंदसौर-रतलाम फोरलेन पर शनिवार सुबह जोधपुर से इंदौर जा रही स्लीपर बस सीमेंट से भरे ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। बस की रफ्तार तेज थी। इससे बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पांच लोग घायल हुए है, जिन्हें जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा सुबह करीब 7 बजे जिले के फोरलेन स्थित ढोढर के कालूखेड़ा फंटा के यहां हुआ। फोरलेन पर स्पीड ब्रेकर के कारण ट्रॉले ने अपनी स्पीड कम की। इससे पीछे तेज रफ्तार में आ रही एमआर स्लीपर बस का ड्रायवर अपनी स्पीड़ कंट्रोल नहीं कर पाया। आगे चल रहे ट्रॉले में बस जा घुसी। हादसे के समय अधिकतर यात्री नींद में थे। टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों की चीख-पुखार मच गई।
आसपास के रहवासी दौड़े। ढोढर पुलिस चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायलों को तुरंत बस से निकालकर जावरा सरकारी अस्पताल भेजा हादसे में बस के आगे का कांच पूरा टूट गया। आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
क्रेन से बस को किया अलग
हादसे के बाद रोड पर एक तरफ कुछ देर के लिए मार्ग बाधित हुआ। क्रेन के माध्यम से बस को ट्रॉले से निकाल एक तरफ किया। घटना के बाद बस ड्रायवर मौके से फरार हो गया। ढोढर पुलिस चौकी घटनाक्रम की जांच कर रही है।
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया ट्रॉला स्पीड ब्रेकर क्रॉस कर रहा था। पीछे से स्लीपर बस ड्रायवर बस की स्पीड कंट्रोल नहीं कर पाया। इससे बस ट्रॉले में जा घुसी। पांच घायलों को जावरा में भर्ती कराया है।

You missed

error: Content is protected !!