• Thu. Jul 30th, 2026

दशा माता पूजा के दौरान एक वृद्धा के गले से सोने की चेन स्नेचिंग करने वाली चार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया

BySurendra Jain

Mar 14, 2026

खबर पक्की, 14 मार्च, रतलाम। दशा माता पूजा के दौरान एक वृद्धा के गले से सोने की चेन स्नेचिंग करने वाली चार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये महिलाएं महाराष्ट्र के जलगांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में इंदौर में रह रही थीं। चेन स्नेचिंग करने के लिए ये इंदौर से किराए की कार से रतलाम आई थीं।
वृद्धा के गले से चेन गायब करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शहर में चार अलग-अलग स्थानों पर ऑटो बदले और फिर कार से इंदौर के लिए रवाना हो गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीछा करते हुए इन्हें धार जिले में पकड़ लिया।
सीसीटीवी से संदिग्ध महिलाओं की पहचान
स्नेचिंग की घटना का खुलासा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने शनिवार दोपहर माणकचौक थाने में किया। सीएसपी ने बताया कि हरदेवलाला पिपली क्षेत्र स्थित भैरव मंदिर में शुक्रवार को पूजा के दौरान क्षेत्र की रहने वाली सावित्री देवी (74), पति जगदीश माहेश्वरी, के गले से करीब तीन तोले सोने की चेन गायब हो गई थी।
चेन में लगा करीब एक ग्राम सोने का पेंडल साड़ी में अटका हुआ मिला था। वृद्धा ने अपने साथ पूजा करने आई बहू विद्या माहेश्वरी को बताया कि उनके गले में चेन नहीं है। तब बहू ने बताया कि पूजा के दौरान चार महिलाएं उनकी सास के आसपास खड़ी थीं, जो क्षेत्र की नहीं लग रही थीं।
बाद में उन महिलाओं को मैजिक वाहन में बैठते हुए भी देखा गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बहू ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध महिलाओं की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
पुलिस को गुमराह करने के लिए चार जगह बदले ऑटो
पुलिस ने शहर के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में महिलाएं हरदेवलाला पिपली क्षेत्र से लाल मैजिक वाहन में बैठते हुए दिखाई दीं। इसके बाद वे चांदनी चौक पर उतरीं और कुछ दूर पैदल चलने के बाद ऑटो कर लिया। ऑटो से वे हाट की चौकी क्षेत्र पहुंचीं। वहां कुछ दूरी पैदल चलने के बाद उन्होंने दूसरा ऑटो किया। इसके बाद वे महू रोड बस स्टैंड के पास ऑटो से उतरीं और वहां से तीसरा ऑटो कर प्रताप नगर ब्रिज के पास पहुंचीं।
यहां से पैदल चलते हुए महिलाएं महू रोड मंडी की तरफ गईं। इसके बाद वहां से कार क्रमांक एमपी 09 एआर 0301 में सवार होकर इंदौर के लिए रवाना हो गईं। घटना के बाद से ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पीछा कर रही थी। पुलिस ने पीछा करते हुए धार जिले के धामनोद तक जाकर चारों महिलाओं को पकड़ लिया।
बच्चों को साथ में रखते थे
सीएसपी ने बताया सभी महिला महाराष्ट्र के जलगांव की रहने वाली है। जो कि इंदौर में रह रह थी। गिरफ्तार आरोपियों में 4 महिलाएं व एक कार ड्रायवर के अलावा एक नाबालिग व एक छोटा बच्चा भी शामिल है। बच्चों को इसलिए साथ में रखा जाता था कि बच्चे देख इन पर कोई शक ना करे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी। इसके अलावा पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
सीएसपी ने बताया महिलाएं वारदात को अंजाम देने के लिए किराये पर कार लेकर निकलती थी। कार चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार को जप्त कर लिया है। कार पर आगे नंबर लिखे थे, लेकिन पीछे की तरफ नंबर नहीं थे।
इन्हें किया गिरफ्तार

  • अलका (35) पति सन्नी हटकली निवासी गेंदालाल मील जलगांव महाराष्ट्र हाल मुकाम परदेशीपुरा इंदौर
  • जयश्री (30) पति अनिल मनोहर सोनाने निवासी शेगांव तालुका जिला बुल्ताना महाराष्ट्र हाल मुकाम पंचशील नगर रेलवे स्टेशन के पास परदेशीपुरा इंदौर।
  • सुषमा (27) पति विनायक हताग्ले निवासी गेंदालाल मील जलगांव महाराष्ट्र हाल मुकाम मालवा मील परदेशीपुरा इंदौर।
  • पूजा (27) पति एनेश सक्ते निवासी परदेशीपुरा इंदौर।
  • 16 वर्षीय नाबालिग
  • कमल (42) पिता देवीसिंह राजोरिया, कार चालक निवासी हातोद जिला इंदौर
error: Content is protected !!