खबर पक्की, 18 दिसंबर, रतलाम। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी व अंग्रेजी शराब की कुल 26 पेटियां जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जप्त शराब की कुल मात्रा 277.75 बल्क लीटर बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 दिसंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आईटीआई कॉलेज के पीछे अलकापुरी गली नंबर-1 में गोपाल चौहान नामक व्यक्ति अपने घर में अवैध शराब का भंडारण कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
दबिश के दौरान आरोपी गोपाल चौहान पिता राधेश्याम चौहान (उम्र 36 वर्ष), निवासी मकान नंबर 23, वार्ड नंबर 17, ब्राह्मण की गली, रामगढ़, हाल मुकाम न्यू अलकापुरी, रतलाम के घर की तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन शराब, प्लेन मसाला शराब, पावर कंपनी की बीयर, ओल्ड मंक, मैजिक मोमेंट (ऑरेंज फ्लेवर व ग्रीन एप्पल), सिग्नेचर, एमडी व्हिस्की, रॉयल चैलेंज सहित अन्य अंग्रेजी शराब भारी मात्रा में बरामद की गई।
आरोपी से शराब रखने संबंधी परमिट व लाइसेंस के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मौके पर ही शराब जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में की गई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी, उप निरीक्षक ध्यानसिंह सोलंकी, उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, प्रधान आरक्षक रितेश पाटीदार, आरक्षक रविंद्र कुमार, मनीष परिहार, अनिल शुक्ला, मोहन चौहान, अनिल भाभोर, लंकेश पाटीदार, राणाप्रताप मइड़ा एवं ओम पारगी।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने 26 पेटी अवैध शराब जप्त की, एक आरोपी गिरफ्तार
