खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। रविवार रात कलेक्टर ऑफिस के पास स्थित रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर के ऑफिस और उसी इमारत में रहने वाले टेंट व्यवसायी के घर चोरी हो गई। चोरों ने ग्राउंड फ्लोर पर विधायक के ऑफिस का ताला तोड़कर दस्तावेज बिखेर दिए, जबकि ऊपरी मंजिल पर रहने वाले टेंट व्यवसायी के यहां से करीब 11 तोला सोना चुरा ले गए। सोमवार सुबह सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे।
विधायक के ऑफिस के ऊपर टेंट व्यवसायी अनिल भटनागर का परिवार रहता है। वारदात के वक्त परिवार के लोग मकान के दूसरे कमरे में सोए हुए थे। चोर पीछे बने रूम में घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 11 तोले सोने की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।
विधायक के ऑफिस में बिखेरे दस्तावेज
चोरों ने ग्राउंड फ्लोर पर स्थित विधायक के ऑफिस को भी नहीं बख्शा। यहां चोरों ने ताले तोड़ दिए और अंदर रखे दस्तावेज बिखेर दिए।
एक दिन पहले ही स्क्क ने की थी गश्त
खास बात यह है कि एक दिन पहले ही एसपी ने शहर में हो रही चोरियों को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ शहर में रात्रि गश्त कर मुस्तैदी परखी थी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को लेकर नया प्लान भी बनाया था। लेकिन नया प्लान बनते ही चोर पुलिस से एक कदम आगे निकले।
एसपी और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मौके पर
सोमवार सुबह चोरी की सूचना मिलने पर एसपी अमित कुमार समेत फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी अमित कुमार ने बताया कि फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट समेत टीम जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे है।
विधायक के ऑफिस का ताला टूटा : टेंट कारोबारी के घर से 11 तोला सोना चोरी, कलेक्टर ऑफिस के पास वारदात
