खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। 70 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह खून से लथपथ उनका शव घर के बाथरूम में मिला। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट या चोरी की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा मीराकुटी इलाके की है। मृतका की पहचान सरला धनेटवाल के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सरला धनेटवाल के पति का पहले ही निधन हो चुका। वह अपने घर में अकेली रहती थीं। उन्हें सोमवार सुबह अपने रिश्तेदारों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए उज्जैन जाना था।
फोन बंद आने पर हुआ खुलासा
सुबह उनके भाई राजेंद्र जायसवाल ने उन्हें फोन किया तो फोन बंद आया। इस पर सरला की भाभी ललिता उन्हें देखने के लिए घर पहुंची, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उनके देवर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था। अंदर बाथरूम में दीवार के सहारे उनकी लाश मिली। उनका गला रेता हुआ था।
भाई राजेंद्र जायसवाल, जो शादी के लिए निकल चुके थे, खबर मिलते ही तुरंत वापस लौटे। शव मिलने की सूचना पर आस-पड़ोस के लोग और बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
एसपी ने एसआईटी का गठन किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, फॉरेंसिक अधिकारी अतुल मित्तल, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया समेत चारों थानों के प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी अमित कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने मामले की गहन और त्वरित जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है।
पीछे के रास्ते से घुसने की आशंका
पुलिस आशंका जता रही है कि बदमाश चोरी और लूटपाट के इरादे से संभवत: घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे होंगे। विरोध करने पर सरला धनेटवाल की गला रेतकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस किसी परिचित व्यक्ति के द्वारा हत्या किए जाने की आशंका को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की तलाश में इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी अमित कुमार ने बताया कि सारे तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, और जल्द ही आरोपी को पकड़ा जाएगा।
रिटायर्ड शिक्षिका की गला रेतकर हत्या : बाथरूम में मिली गर्दन कटी लाश, सुबह शादी में जाना था, भाई ने कॉल किया तो बंद मिला फोन
