खबर पक्की, 17 नवंबर, रतलाम। अर्जुन नगर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक शराब नहीं मिलने पर मरने के लिए 40 फीट पानी की टंकी पर चढ़ गया। शराब भी पिता से मांगी थी। पिता ने मना किया तो नाराज होकर वह जान देने चला गया।
जब लोगों ने पानी की टंकी पर युवक को चढ़ा देखा तो लोगों की भीड़ लग गई। पिता बेटे के लिए शराब भी लेकर आए लेकिन वह नहीं माना। तब पुलिस व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने पहुंच कर उसे काबू में किया और उतारा।
युवक का नाम दीपक उर्फ राहुल (28) पिता लक्ष्मण निवासी अर्जुन नगर है। जानकारी के अनुसार रविवार रात यह बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के यहां गया था। सोमवार सुबह इसके पिता वहां पहुंचे। पिता उसको लेकर अपने घर आ रहे थे। घर के पास पहुंचकर पिता से शराब मांगी। पिता ने मना किया। बाद में पिता शराब की बोतल लेने गए। इसी दौरान वह पानी की टंकी पर चढ़ गया।
लोगों ने देख उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह टंकी के ऊपर से कूदने की धमकी देने लगा। लोगों ने उसे बातों में लगाए रखा। उसका दोस्त सबसे पहले ऊपर चढ़ा, उसे समझाया। लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं था। सूचना पर पुलिस व नगर निगम से फायर ब्रिगेड भी पहुंचा।
पिता लेकर गए शराब
काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माना फिर युवक दीपक के पिता खुद शराब की बोतल लेकर पहुंचे कि बेटा शांत हो जाएगा। शराब दिखाने के बाद भी दीपक टंकी से नीचे नहीं उतरा। आखिरकार पुलिस और नगर निगम की टीम टंकी के ऊपर चढ़ी और युवक को काबू में लिया। सुरक्षा को देखते हुए दीपक के हाथ-पैर बांधकर उसे नीचे उतारा गया। बाद में उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
एक माह पहले पत्नी की मौत
युवक की पत्नी का एक माह पहले निधन हो चुका है। इसके बाद से वह तनाव में रहता है। पिता ने बताया कि वह मेरी साली के घर गया था। लौटते समय शराब मांगी। मना किया तो वह नाराज हो गया। फिर बेटे के दोस्त से 100 रुपए उधार लेकर शराब लाया फिर भी नहीं माना।
पिता से शराब मांगी, नहीं मिली तो टंकी पर चढ़ा, रस्सी से हाथ-पैर बांधकर युवक को नीचे उतारा, उधार लेकर शराब बोतल दिलाई
