• Sat. Aug 15th, 2026

रतलाम में कंबल ओढ़कर आए 2 चोर : किराना दुकान का शटर तोड़कर 60 हजार कैश ले गए, वारदात सीसीटीवी में कैद

BySurendra Jain

Nov 17, 2025

खबर पक्की, 17 नवंबर, रतलाम। जिले के सैलाना बस स्टैंड-काटजू नगर रोड पर स्थित सज्जन किराना स्टोर्स में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरी हो गई। कंबल ओढ़कर आए दो बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ा और शटर उचकाकर गल्ले में रखे 50 से 60 हजार रुपए नकद चुरा लिए। यह पूरी वारदात सुबह 4:11 बजे की है और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की यह घटना थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत सज्जन किराना स्टोर्स पर हुई है। दुकान संचालक पवन अग्रवाल ने बताया कि वे रविवार रात 9.30 बजे दुकान बंद (मंगल) करके गए थे। उनका छोटा भाई पास में ही रहता है। सोमवार सुबह जब वह दुकान पर आया तो उसने शटर खुला देखा। दुकान पर आकर देखा तो शटर उचका हुआ था और ताला भी गायब था। जब दुकान का गल्ला देखा तो वह खाली पड़ा था।
50 से 60 हजार रुपए ले गए
दुकान संचालक के अनुसार, रविवार के कलेक्शन के करीब 50 से 60 हजार रुपए व चिल्लर गल्ले में रखी थी। चोर गल्ले को पूरी तरह साफ कर गए। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आकर अपने हिसाब से पूछताछ की है। दुकान में सामान तो बिखरा नहीं दिखा है। अन्य सामान को लेकर भी दुकान में जांच की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद- एक अंदर घुसा, दूसरा बाहर बैठा रहा
चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। फुटेज के अनुसार, चोर सैलाना बस स्टैंड की तरफ से आए थे। दो चोरों ने कंबल ओढ़ रखी थी। पहले वे दुकान के छोटे शटर के पास नीचे बैठ गए।
सुबह 4.11 बजे दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि बैठे-बैठे ही एक बदमाश ने ताला तोड़ दिया। फिर शटर उचका कर एक बदमाश अंदर घुस गया, जबकि दूसरा बदमाश बाहर बैठकर निगरानी करता रहा। चोर सुबह 4.11 मिनट पर दुकान के अंदर आता दिखा है।
शोकेस पर पैर रखकर गल्ले तक पहुंचा
वीडियो में दिखा कि जो बदमाश दुकान के अंदर घुसा, उसने पहले अपनी कंबल हटाई। फिर वह दुकान के शोकेस पर पैर रखकर चढ़ा। उसने दुकान के गल्ले में से रुपए व चिल्लर निकालकर एक थैली में भरे और बाहर निकलकर फरार हो गया।

You missed

error: Content is protected !!