• Sat. Aug 15th, 2026

सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख की चोरी : रतलाम में बेटी की शादी के लिए रखे थे जेवर; यूपी गया था मालिक

BySurendra Jain

Nov 8, 2025

खबर पक्की, 8 नवंबर, रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के कसाई मंडी बस्ती में एक सूने मकान में चोरी की वारदात हुई। चोर घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद ले गए। घर में ये बेटी की शादी के लिए खरीदे गए थे।
चोरी रईश पिता नाहर मोहम्मद (35) के घर में हुई। वे गुरुवार को यूपी के मकनपुरा उर्स में शामिल होने गए थे। घर में उनकी मां छोटी बी, पत्नी फरजाना बी और तीन बच्चे थे। रात में सभी लोग रईश के बड़े भाई हमीद कुरैशी के घर सोने चले गए थे। हमीद भी उर्स में शामिल होने गए थे, जिससे दोनों घर रात में सूने रह गए।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब रईश के बच्चे मुनाफिर (12) और खातमा (9) घर पहुंचे,तो उन्होंने देखा कि दरवाजा खुला है और ताला टूटा हुआ पड़ा है।अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।
पोती की शादी के लिए रखे गहने और नगदी ले गए
पीडि़ता छोटी बी ने बताया कि घर में दो माह बाद पोती महविश की शादी होनी है।उसके लिए गहने बनवाए थे, जिन्हें चोर ले गए। चोरी गए सामान में कान के लटकन, मंगलसूत्र, नाक के कांटे, सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट, चांदी की पायलें (ढाई सौ ग्राम की दो जोड़ी), चांदी की तीन चेन और कंगन शामिल हैं।
इसके अलावा डेढ़ लाख रुपए नगद और बच्चों की गुल्लक से तीन-चार हजार रुपए भी चोरी हो गए।परिवार ने बताया कि यह नगदी एक दिन पहले ही वीसी से आई थी।
पड़ोसी बोले – रात 1 बजे तक जाग रहे थे, कुछ नहीं सुना
चोरी वाले मकान के पास की गली में तीन अन्य घर हैं। पड़ोसी हुसैन बी ने बताया, हम लोग रात 1 बजे तक जाग रहे थे।सुबह देखा तो घर का दरवाजा खुला था, सोचा घर के लोग लौट आए होंगे, इसलिए ध्यान नहीं दिया।
सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस को आशंका है कि चोरी आसपास के ही किसी व्यक्ति द्वारा की गई है,जिसे घर के हालात की जानकारी थी।थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!