खबर पक्की, 5 नवंबर, रतलाम। शहर की बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और सुव्यवस्थित करने के लिए मंगलवार सुबह कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार अधिकारियों के साथ सड़क पर उतरे। दोनों अधिकारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर ट्रैफिक में आ रही समस्याओं को देखा और सुधार के लिए प्लानिंग बनाने को कहा। निरीक्षण के बाद कई चौराहों पर अस्थाई अतिक्रमण हटाने, रोड चौड़ीकरण करने और गलत पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर व एसपी सबसे पहले सैलाना बस स्टैंड (महाराणा प्रताप चौक) पहुंचे। यहां अधिकारियों ने रोड का चौड़ीकरण कर अस्थाई अतिक्रमण हटाने को कहा।
ठेला गाडिय़ां- कलेक्टर ने स्थायी रूप से खड़ी रहने वाली फलों की ठेला गाडिय़ों को सड़क से पीछे कर चूने की लाइन डालकर बेरिकेट्स लगाने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई ठेला गाड़ी इसके बाद भी आगे आती है तो उस पर कार्रवाई की जाए।
चैंबर की समस्या- एसपी ने चौराहे पर चैंबर की वजह से होने वाली परेशानी बताई। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को समस्या को स्थायी रूप से ठीक करने और ब्रिज से पावर हाउस रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रास्ता ठीक करने को कहा।
पार्किंग- एसपी ने सख्त हिदायत दी कि चौराहे पर अगर कोई गाड़ी गलत तरीके से सड़क पर खड़ी रहे तो उसे सख्ती से हटाया जाए। साथ ही ऑटो और मैजिक स्टैंड की व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने को कहा।
राम मंदिर चौराहे और चेतक ब्रिज पर निरीक्षण
अधिकारी इसके बाद राम मंदिर चौराहे पर पहुंचे।
जेब्रा क्रॉसिंग- यहां सुबह-शाम लगने वाले जाम को लेकर कलेक्टर ने कस्तूरबा नगर वाली सड़क पर जेब्रा क्रॉसिंग कर वाहनों को उचित ढंग से निकाले जाने को कहा।
डिवाइडर बंद- अधिकारियों ने महाराणा चेतक ब्रिज पर बीच में खोले गए डिवाइडर को भी तुरंत ही बंद करने को कहा।
लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर वन-वे का सुझाव
कलेक्टर ने लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए एक साइड का रास्ता वन-वे करने का सुझाव दिया। ताकि वाहनों को सुचारू रूप से निकाला जा सके।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे शामिल
कलेक्टर मिशा सिंह व एसपी अमित कुमार के अलावा नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना, ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को सुधार के लिए किए जाने वाले इंतजाम की डिजाइन तैयार करने को भी कहा।
कलेक्टर-एसपी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने सड़क पर उतरे, रतलाम में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के निर्देश; जाम से निपटने वन-वे का सुझाव
