• Sun. Aug 16th, 2026

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का पूर्व पदाधिकारी एमडी के साथ पकड़ाया : गुजरात पासिंग कार में दो लोग हिरासत में; 3.7 ग्राम एमडी जब्त

BySurendra Jain

Nov 3, 2025

खबर पक्की, 3 नवंबर, रतलाम। पुलिस ने रविवार देर रात प्रतापनगर क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ एमडी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी इमरान हुसैन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुका है। दोनों के पास से 3.7 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब चार हजार रुपए बताई जा रही है।
स्टेशन रोड पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार क्रमांक त्रछ्व 01 क्रक्च 9458 से इमरान (36) पिता मेहमुद हुसैन निवासी बेनीप्रसाद की गली, शहर सराय रतलाम और कयामुद्दीन (48) पिता नसरुद्दीन खान निवासी वेदव्यास कॉलोनी, हाट रोड रतलाम को पकड़ा।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया। सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 6 नवंबर तक का पुलिस रिमांड मिला है।
लिव-इन में रहने की जानकारी, फ्लैट पर पुलिस ने दी दबिश
जांच में सामने आया कि आरोपी इमरान प्रतापनगर की सम्यक रेसिडेंसी की दूसरी मंजिल पर किराए के फ्लैट में रहता था। पुलिस को जानकारी मिली कि वह यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस ने रात में फ्लैट पर दबिश देकर तलाशी ली, हालांकि इस संबंध में कोई युवती सामने नहीं आई है और पुलिस ने इस पहलू पर अभी तक आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
लव जिहाद की आशंका पर संगठन हुआ सक्रिय
आरोपी के लव जिहाद में संलिप्त होने की आशंका जताते हुए हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी पुलिस अधिकारियों से मिले। संगठन ने इस मामले की गहन जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस केवल एनडीपीएस एक्ट के तहत ही कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
6 साल पहले था भाजपा में, अब कोई संबंध नहीं
आरोपी इमरान हुसैन छह साल पहले भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष रहा है। पार्टी से शिकायतें मिलने के बाद उसे पद से हटा दिया गया था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई भाजपा नेताओं और मंत्रियों के साथ तस्वीरें मौजूद हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि आरोपी इमरान का पार्टी से अब कोई संबंध नहीं है। वह कई वर्ष पहले ही निष्कासित किया जा चुका है।
पूर्व में भी हो चुकी कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, इमरान के खिलाफ पहले भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा मादक पदार्थ की आपूर्ति का स्रोत कहां से था। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इमरान व कयामुद्दीन आलोट के अजहर नामक व्यक्ति से एमडी लाना बताया है। पुलिस अजहर नामक व्यक्ति की भी तलाश में जुट गई है।

You missed

error: Content is protected !!