खबर पक्की, 27 अक्टूबर, रतलाम। शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रतलाम पुलिस ने सोमवार को अमानक साइलेंसर लगाने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा (रा.पु.से.) के निर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
टीआई यातायात राजशेखर वर्मा, सूबेदार अनोखीलाल परमार, सउनि. सर्वेश द्विवेदी सहित यातायात दल ने शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग की। इस दौरान 100 से अधिक दोपहिया वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 22 वाहनों में अमानक फटाकेदार साइलेंसर पाए गए। इन वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए साइलेंसर जप्त किए गए।
इसी प्रकार जावरा यातायात चौकी प्रभारी सूबेदार मोनिका ठाकुर के नेतृत्व में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां 25 से अधिक दोपहिया वाहनों की जांच में 3 अमानक साइलेंसर मिले, जिन पर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अमानक साइलेंसर वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 125 दोपहिया वाहनों की चेकिंग, 25 साइलेंसर जप्त
