• Tue. Aug 18th, 2026

सुबह से बारिश, नहीं निकली धूप : दिन का पारा 8 डिग्री लुढ़का, 24 घंटे में 3.38 मिमी पानी गिरा; अगले 3 दिन ऐसा ही मौसम

BySurendra Jain

Oct 27, 2025

खबर पक्की, 27 अक्टूबर, रतलाम। शहर और जिले में बारिश का दौर दूसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा। सुबह से कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश ने शहर को भिगो दिया। बारिश के कारण लोगों को फिर से रेनकोट और छातों का सहारा लेना पड़ा। लगातार बारिश से मौसम ठंडा हो गया है और एक ही दिन में दोपहर का तापमान 8 डिग्री तक लुढ़क गया है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 3.38 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
शनिवार से जारी है बारिश का दौर
मौसम में डिप्रेशन (अवदाब) और ट्रफ की एक्टिविटी के कारण प्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। जिले के कुछ ग्रामीण अंचलों में शनिवार से बारिश शुरू हुई थी। रविवार दोपहर बाद रतलाम शहर समेत अनेक ग्रामीण अंचलों में बारिश हुई। रात में भी रिमझिम बूंदाबांदी होती रही। सोमवार सुबह से आसमान में काले घने बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। सुबह 7 बजे से रिमझिम बारिश होती रही, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। कुछ देर रुकने के बाद सुबह 10 बजे से फिर से तेज बारिश होने लगी।
अरब सागर में डिप्रेशन और ट्रफ का असर
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अरब सागर की खाड़ी में एक डिप्रेशन एक्टिव है। इससे एक ट्रफ भी जुड़ी है, जो मध्यप्रदेश के बीचों-बीच तक आ रही है। इस वजह से अगले 3 दिन तक बारिश होने का अनुमान है।
दिन का पारा 24 डिग्री पर पहुंचा
रविवार को हुई बारिश के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा। इसके पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज हुआ था। बारिश का दौर थमने के बाद रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
रतलाम में सर्वाधिक 10 मिमी बारिश दर्ज
रतलाम में पिछले 24 घंटे में औसतन 3.38 मिमी बारिश हुई है। सोमवार सुबह 8 बजे तक सर्वाधिक रतलाम में 10 मिमी, पिपलौदा में 5 मिमी, जावरा में 4 मिमी, सैलाना में 3 मिमी, आलोट व रावटी में 2-2 मिमी एवं ताल में 1 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
अब तक करीब 50 इंच बारिश
जिले में इस वर्ष 1 जून से लेकर अब तक 49.86 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि गत वर्ष इस समय तक 46.12 इंच बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर खत्म होते ही ठंड बढऩे की संभावना है।

You missed

error: Content is protected !!