खबर पक्की, 26 अक्टूबर, रतलाम। रविवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए रहे। धूप नहीं निकली है। दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने मौसम में ठंड का एहसास करा दिया। अरब सागर में सक्रिय डिप्रेशन का असर पिछले दो दिन से रतलाम समेत जिले में देखने को मिल रहा है।
रविवार सुबह शहर समेत जिले में हल्की धुंध रही। दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने शहर को भिगो दिया। जिसे मौसम में ठंडक घुल गई है।
मौसम के बदलाव के कारण दिन के तापमान में भी 1.2 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग की माने तो अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। शाम 4 बजे तक हल्की बूंदा बांदी जारी थी।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव से सुबह व रात रात के समय ठंड का एहसास होने लगा है। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम पारा 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
आगे ऐसा मौसम रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर एक डिप्रेशन एक्टिव है। जिसका असर आने वाले तीन दिनों तक देखने को मिलेगा। 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम व उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान परिवर्तित होने की संभावना है।
इस सिस्टम के कारण अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह मध्य भारत की ओर बढ़ सकता है। दिन के तापमान में हल्की कमी और रात में पारा थोड़ा अधिक बढ़ सकता है।
मानसून हो चुका है विदा
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे मध्यप्रदेश से मानसून विदा हो चुका है। इस साल मानसून 3 महीने 28 दिन एक्टिव रहा। 16 जून को प्रदेश में मानसून की एंट्री हुई थी और 13 अक्टूबर को वापसी। इसके बाद भी प्रदेश में बारिश का दौर बना हुआ है।
तेज बारिश, सुबह से नहीं निकली धूप:मौसम में ठंडक का एहसास, दिन के तापमान में हुई गिरावट
