खबर पक्की, 19 अक्टूबर, रतलाम। दीपावली पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार ने रविवार सुबह शहर के पटाखा बाजारों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बरबड़ हनुमान मंदिर मेला ग्राउंड और त्रिवेणी मैदान पहुंचकर दुकानों पर आग से बचाव के इंतजामों की जांच की। इस दौरान दुकानदारों से फायर एक्सटिंग्विशर चलवाकर भी देखे गए।
दुकानदारों से चलवाकर देखे फायर एक्सटिंग्विशर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एक-एक दुकान पर पहुंचकर आग बुझाने के संसाधन जैसे रेत, पानी और फायर एक्सटिंगिवीशर (अग्निशमन यंत्र) देखे। उन्होंने दुकानदारों को एक जगह खड़ा कर फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का डेमो भी दिया और आवश्यक चीजों के बारे में जानकारी ली।
अफसरों की छुट्टियां रद्द, मुख्यालय पर रहने के निर्देश
दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर मिशा सिंह ने जिले के सभी एसडीएम, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, जनपद सीईओ, सीएमओ, चिकित्सा अधिकारियों और राजस्व विभाग के अधिकारियों के सभी अवकाश आगामी आदेश तक रद्द कर दिए हैं। सभी को मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष परिस्थिति में कलेक्टर की अनुमति के बाद ही अधिकारी मुख्यालय छोड़ सकेंगे।
आग से सुरक्षा के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित
अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि आग से सुरक्षा के लिए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। होमगार्ड प्लाटून कमांडर ज्योति बघेल (मो. 7509631063) इसकी प्रभारी होंगी। यह कंट्रोल रूम 24 अक्टूबर तक 24&7 सक्रिय रहेगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना, एसडीएम आर्ची हरित, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर, एसपी पहुंचे पटाखा बाजार:सुरक्षा व्यवस्था जांची, फायर एग्जिट चलवा कर देखे; अधिकारियों की छुट्टी पर लगाई रोक
