खबर पक्की, 13 अक्टूबर, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर जावरा के पास भूतेड़ा टोल प्लाजा पर रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने मारुति वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वैन तीन बार पलट गई, जिससे उसमें सवार 75 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई और 6 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायल एक ही परिवार के हैं और रतलाम में एक सगाई समारोह से अपने घर लौट रहे थे। घायलों को जावरा में प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
रतलाम में सगाई से लौट रहा था परिवार
जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि झालावाड़ निवासी अरबाज अली की सगाई रविवार को रतलाम के एक निजी होटल में थी। उनका परिवार झालावाड़ से तीन गाडिय़ों में सवार होकर रतलाम आया था।
पीछे से तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
रविवार रात करीब 10 बजे जब परिवार वापस लौट रहा था, तभी भूतेड़ा टोल नाके के पास उनकी मारुति वैन (क्रमांक क्रछ्व 28 ्र 1620) को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक रू॥ 02 त्रक्च 9696) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन तीन बार पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
एक महिला की मौत, 6 लोग रतलाम रेफर
हादसे में वैन में सवार 75 वर्षीय मेहमूदी बी पति शरीफ खां, निवासी बड़ोद (जिला आगर मालवा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हीना (30), शाहीन (32), आरिफ (34) तीनों निवासी भानपुरा (मंदसौर), सलीना (22) निवासी भवानीमंडी, यास्मीन (35) निवासी बड़ोद और लतीफ (55) निवासी झालावाड़ घायल हो गए। सभी घायलों को देर रात रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
टक्कर मारने वाली कार भी हुई जाम, सवार सुरक्षित
टक्कर मारने के बाद कार भी जाम हो गई थी। हालांकि, कार में सवार लोगों को कोई चोट नहीं आई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को टोल पर खड़ा करवा दिया है। जावरा औद्योगिक थाने में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सगाई से लौट रहे परिवार की वैन को मारी टक्कर : 3 बार पलटी कार; 75 साल की महिला की मौत, 6 घायल हुए
