• Tue. Aug 18th, 2026

महापौर इस्तीफा दो के नारे लगे, आधा रावण जलाने पर कांग्रेस का विरोध, भ्रष्टाचार के आरोप, संभागायुक्त से जांच की मांग

BySurendra Jain

Oct 3, 2025

खबर पक्की, 3 अक्टूबर, रतलाम। दशहरा पर्व पर रावण दहन अधूरा रहने के बाद कांग्रेस ने नगर निगम पर पुतला निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है। शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर संभागायुक्त के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और मामले की जांच की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दशहरे के दिन तीन बार प्रयास के बाद भी रावण का पुतला पूरी तरह नहीं जल पाया। इसे उन्होंने अपशकुन बताया और कहा कि आने वाले समय में अशुभ घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने मांग की कि नगर में धार्मिक अनुष्ठान कर अशुभता को दूर किया जाए।
कांग्रेसियों ने ज्ञापन में बताया गया कि नगर निगम ने नेहरू स्टेडियम में रावण का पुतला बनाने का ठेका 4.22 लाख रुपए में दिया था। लेकिन गुणवत्ता इतनी खराब थी कि तीन बार प्रयास करने के बाद भी रावण ठीक से नहीं जल सका।
इससे शहर की जनता में आक्रोश है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि पहले जो पुतला 50-60 हजार में बनता था, अब वही पुतला लाखों में क्यों बन रहा है और फिर भी अधूरा क्यों रह गया? —-मेला क्षेत्र में अव्यवस्थाएं, जनता परेशान
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि दशहरे के मेला क्षेत्र में भारी अव्यवस्था रही। भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और व्यवस्था के नाम पर नगर निगम ने कोई तैयारी नहीं की थी। यह सब मिलकर नगर निगम की लापरवाही और भ्रष्टाचार को उजागर करता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल रावण दहन ही नहीं, नगर निगम में सीवरेज, जलप्रदाय, सड़क निर्माण और खरीददारी जैसे कई मामलों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि रावण पुतला निर्माण सहित निगम के अन्य कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महापौर इस्तीफा दो, आस्था से खिलवाड़ बंद करो, धर्म का मजाक बनाना बंद करो जैसे नारे भी लगाए। उनका कहना था कि रावण दहन जैसे आस्था के प्रतीक पर्व को मजाक बनाकर नगर निगम ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, नगर निगम उप नेता कमरुद्दीन कछवाया, यास्मीन शैरानी, राजीव रावत, रजनीकांत व्यास, कुसुम चाहर, बसंत पंड्या, वीरेंद्र प्रताप सिंह, हितेश पेमाल, पियूष बाफना, पार्षद नासिर कुरैशी, सलीम बागवान, फखरुद्दीन आदि मौजूद रहे।

You missed

error: Content is protected !!