• Tue. Aug 18th, 2026

मंत्री विजयवर्गीय का पुतला बुझाने पहुंचे पुलिसकर्मी को हटाया, कांग्रेसियों की पुलिस से छीना-झपटी; सरकार पर गोहत्या को संरक्षण देने का आरोप

BySurendra Jain

Sep 26, 2025

खबर पक्की, 26 सितंबर, रतलाम। कांग्रेस ने प्रदेश के नगरीय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला कलेक्टर ऑफिस के सामने फूंका। पुतला फूंकने के दौरान पुलिस व कांग्रेसियों की छीना-झपटी, धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस से पुतला छिन कांग्रेसियों ने पेट्रोल छिड़क कर अचानक से आग लगा दी।
पुलिस पानी से आग बुझाने आगे बड़ी तो कांग्रेसियों ने पुलिस का हाथ पकड़ लिया। फिर भी पुलिस ने जलते पुतले पर पानी डाल दिया। दरअसल कांग्रेसी गोमांस को टैक्स फ्री करने के विरोध में पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। यहां पर ज्ञापन सौंप सरकार के निर्णय को विरोध जताया।
पदाधिकारियों ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने गोमांस पर टैक्स हटा दिया है। सरकार का यह कदम गो माता के खिलाफ और गोहत्या को संरक्षण देने के बराबर है। ज्ञापन देने के बाद कांग्रेस कलेक्ट्रेट से बाहर निकले। पदाधिकारी अचानक से कैलाश विजयवर्गीय का पुतला लेकर आ गए।
भाजपा की सोच सामने आई
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि भाजपा का एक ऐसा मंत्री है जो आए दिन महिलाओं का अपमान कर दूषित भाषा बोलता है। नवरात्रि का त्योहार चल रहा है। ऐसे में कैलाश विजयवर्गीय ने हमारे नेता राहुल गांधी व उनकी छोटी बहन प्रियंका के प्यार को गलत तरीके से प्रचारित किया है।
इससे उनकी व भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच सामने आ गई है। भाजपा एक तरफ लाड़ली बहना योजना चला कर महिलाओं को प्रभावित करते है तो दूसरी तरफ महिलाओं को अपशब्द बोलकर गलत बयानबाजी करते है।
पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने कहा कि जब पूरा देशवासी मातृशक्ति की आराधना नवरात्रि पर्व में कर रहे हैं। ऐसे समय में भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा भाई बहन के पवित्र रिश्ते को इस प्रकार से परिभाषित करना उनकी गंदी सोच को दिखाता है । इस दौरान पारस सकलेचा, शैलेंद्रसिंह अठाना, यास्मिन शेरानी, इक्का बेलूत, राजीव रावत आदि कांग्रेसी मौजूद रहे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने यह कहा था
मंत्री विजयवर्गीय ने गुरुवार को शाजापुर में एक कार्यक्रम में राहुल गांधी को लेकर कहा था कि आज के हमारे प्रतिपक्ष के नेता ऐसे हैं कि अपनी जवान बहन को बीच चौराहे पर चुंबन करते हैं। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप में से कौन हैं, जो अपनी जवान बहन-बेटी को बीच चौराहे पर चुंबन करता है। ये संस्कारों का अभाव है।
ये संस्कार तो विदेशी संस्कृति के हैं। इसमें उनकी गलती नहीं है। वह विदेश में पले-बढ़े हैं। ऐसे संस्कार का अनुभव है। वह प्रधानमंत्री को भी तू तड़ाक करके बात करते हैं।

You missed

error: Content is protected !!