खबर पक्क्ी, 20 सितंबर, रतलाम। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस साइंस कॉलेज की दीवारों से एनएसयूआई लिखा मिटाने पर शनिवार को हंगामा हो गया। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कॉलेज का गेट बंद करने की कोशिश की। गेट पर ही धरने पर बैठ गए। पदाधिकारियों का आरोप था कि एनएसयूआई लिखा कॉलेज प्रबंधन मिटा रहा है जबकि एबीवीपी लिखा उन्हें नहीं दिख रहा है। कॉलेज प्रबंधन मनमर्जी कर रहा है।
इसी बात को लेकर पदाधिकारी कॉलेज में जुटे। जहां एबीवीपी लिखा था उसे उन्हें मिटा दिया। प्रिंसिपल डॉ. वायके मिश्रा के ऑफिस का घेराव कर दिया। पदाधिकारियों ने प्रिंसिपल से कहा आप सत्ता के दबाव में कार्य कर रहे हैं। दीवारों पर दोनों संगठनों के नाम लिखे थे। आपने कार्रवाई केवल विपक्ष के संगठन पर की है। हंगामे के बाद कॉलेज में दीवारों पर लिखा एबीवीपी का नाम हटाया गया।
इस दौरान एनएसयूआई के कॉलेज अध्यक्ष विशाल गुर्जर, शहर अध्यक्ष निलेश शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सेजावता, गोपाल गुर्जर, छात्र नेता सोनू गुर्जर, महेश मालवीय, आर्यन सेन, आशीष गुर्जर, अर्पित चौधरी, मोहित डामर, वैभव पाटीदार, दीपक गुर्जर आदि उपस्थित रहे।
एबीवीपी के पदाधिकारी भी पहुंचे
जब एनएसयूआई के पदाधिकारी कॉलेज में विरोध जता रहे थे तो अभाविप के पदाधिकारी भी ढोल-ढमाकों के साथ पहुंच गए। हालांकि एबीवीपी के पदाधिकारी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में 3 सीटों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत पर जश्न मनाने पहुंचे थे।
इस दौरान दोनों संगठन के पदाधिकारी आमने-सामने हो गए। दोनों संगठन पदाधिकारी नारेबाजी करने लगे। बाद में प्रिंसिपल डॉ. मिश्रा ने दोनों संगठनों के पदाधिकारियों को अलग-अलग किया। सभी को समझाया।
रतलाम में दीवारों से एनएसयूआई लिखा मिटाया तो हंगामा हुआ : कॉलेज गेट पर धरना दिया, प्रिंसिपल को घेरा; ढोल के साथ एबीवीपी भी पहुंची
