• Fri. Aug 21st, 2026

गैरेज संचालक फांसी के फंदे पर मिला : पत्नी और तीन बेटियों की तलाश में निकला था; स्कूटी पास में मिली

BySurendra Jain

Sep 14, 2025

खबर पक्की, 14 सितंबर, रतलाम। जिले के नामली के गैरेज संचालक का शव पेड़ पर गमछे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। गैरेज संचालक 12 दिन पहले तीन बेटियों को अपने साथ लेकर गई पत्नी को तलाश करने निकला था। चार दिन से वह अपने घर भी नहीं पहुंचा। शनिवार रात फांसी पर लटके होने का वीडियो सामने आया तो परिजनों को इस बारे में जानकारी लगी।
मृतक का नाम जीवनदास (42) पिता गोपालदास बैरागी निवासी वार्ड नंबर 2 छात्रावास के पीछे नामली है। जीवनदास का शव शनिवार रात करीब 8 बजे महू-नीमच फोरलेन पर बिलपांक से 3 किमी दूर जमुनिया गांव में रोड की साइड में पेड़ पर लटका हुआ शव मिला। मौके पर उसकी रतलाम पासिंग एक स्कूटी भी खड़ी थी।
सूचना मिलने पर बिलपांक थाना टीआई अयूब खान समेत फॉरेंसिक अधिकारी अतुल मित्तल समेत अन्य पहुंचे। परिजनों को सूचना मिलने पर वह भी पहुंचे। पंचनामा बनाकर शव को फंदे से उतारकर रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। रविवार सुबह पीएम होगा।
चार दिन पूर्व घर से निकला था
मृतक के छोटे भाई देवेंद्र (35) ने बताया कि भाई जीवन 4 दिन से घर पर नहीं था। भाई जीवन की पत्नी माया 12 दिन पूर्व अपनी 14 साल, 10 साल और 7 साल की तीन बेटियों को लेकर कहीं चली गई है। तब से जीवन पत्नी और बेटियों की तलाश कर रहा था। जीवन की 17 साल की बड़ी बेटी को हमारी बहन के यहां भेज रखा है। भाई का ससुराल धार जिले के रिंगनोद में है।
शुक्रवार रात हुई बात
भाई देवेंद्र ने बताया शुक्रवार रात 12 बजे भाई जीवन से मोबाइल पर बात हुई थी। उसने बताया कि वह जबलपुर में हैं। वहां से नामली आने के लिए ट्रेन में बैठ गया। शनिवार सुबह 11.59 बजे भी उसका कॉल आया। लेकिन मैं रिसीव नहीं कर पाया। फिर दोपहर 12.14 बजे वॉट्सऐप पर मैसेज आया। उसमें एक मोबाइल नंबर लिखा था। उस पर बात करने के लिए लिखा था। उस नंबर पर मैंने कॉल किया लेकिन किसी ने रिसीव ही नहीं किया। ट्रू कॉलर पर उसका नाम भी नहीं आया।
शनिवार रात करीब 7.30 बजे भाई विजय को कॉल किया। उसने रिसीव नहीं किया। इसके 5 मिनट बाद ही पुलिस का कॉल आया। पता चला कि फोरलेन की साइड में भाई का पेड़ पर शव लटका है। सूचना पर मैं और परिजन मौके पर पहुंचे।
भाई ने जताई हत्या की आशंका
मृतक जीवन के भाई देवेंद्र ने मृतक भाई के हत्या की आशंका जताते हुए ससुरालवालों पर आरोप लगाए हैं। बताया कि भाभी माया 12 दिन से तीन बेटियों को लेकर कहीं चली गई है। तब से भैया परेशान थे। उसी समय से वो इनकी तलाश कर रहे हैं। तलाश करने इंदौर, धार और जबलपुर तक गए। मामले की जांच की जाए। भाभी की तलाश कर उससे और उसके मायकों से वालों से पूछताछ की जाए। जिससे भाई की मौत का सच सामने आ सके।
आंखों पर चश्मा, पैर में चप्पल
बिलपांक टीआई अयुब खान बताया कि मृतक परिजनों के अनुसार मृतक की पत्नी अपनी तीन बेटियों को लेकर कहीं चली गई है। इनकी गुमशुदगी नामली थाने में दर्ज है। उनकी तलाश के लिए यह निकला था। चेहरे पर चश्मा व पैर में चप्पल पहने हुए थे। स्कूटी भी पास में खड़ी मिली है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!