• Wed. Aug 19th, 2026

प्राइवेट स्कूल टीचर को धमकी : फोटो वायरल करने और जान से मारने के लिए कहा, आरोपी पर केस दर्ज

BySurendra Jain

Sep 10, 2025

खबर पक्की, 10 सितंबर, रतलाम। शहर की एक प्राइवेट स्कूल टीचर ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी दीपेश राव निवासी अष्ट विनायक राजबाग कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला थाना औद्योगिक क्षेत्र का है।
टीचर ने रिपोर्ट में बताया कि वह आरोपी दीपेश राव को जानती थी। दोनों के कुछ फोटो उसके पास थे, जिन्हें वायरल करने की धमकी दी जाती थी। इस संबंध में टीचर ने 26 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय आरोपी ने लिखित में माफी मांगते हुए वादा किया था कि आगे संपर्क नहीं करेगा। इसके बाद टीचर ने शिकायत वापस ले ली थी।
व्हाट्सएप कॉल और गाली-गलौज की
टीचर के अनुसार 5 सितंबर को आरोपी ने बार-बार व्हाट्सएप कॉल किए और बात करने का दबाव बनाया। मना करने पर उसने गालियां दीं और धमकाया कि यदि बातचीत नहीं करेगी तो उसे और उसके परिवार को जान से खत्म कर देगा। इस पर पीडि़ता ने 7 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दी।
थाने से लौटते समय रास्ते में धमकी दी
8 सितंबर की रात करीब 9 बजे जब टीचर थाने से अपने घर लौट रही थी, तब शक्तिनगर रोड पर आरोपी फिर मिला। उसने गाली-गलौज कर कहा कि शिकायत करने की सजा तुझे और तेरे परिवार को जान से मारकर दूंगा। आसपास लोग आते देख आरोपी वहां से भाग गया।
बीएनएस की धारा 296 और 351(3) में केस दर्ज
डरी सहमी टीचर ने घटना की जानकारी अपनी बहन के पति को फोन पर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपेश राव के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You missed

error: Content is protected !!