• Wed. Aug 19th, 2026

कचरा वाहन से बछड़े का शव गिरने पर हंगामा, गुस्साए लोगों ने चक्काजाम किया, निगम कार्यालय घेरा

BySurendra Jain

Sep 8, 2025

खबर पक्की, 8 सितंबर, रतलाम। एक बछड़े का शव नगर निगम के कचरा वाहन से गिरने पर लोगों ने आक्रोश जताया। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल गोरक्षा पदाधिकारी समेत कई लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचकर इसका विरोध करने लगे। लोगों को रोकने के लिए नगर निगम के गेट पर ताला लगाया, जिसे लोगों ने पत्थर से तोडऩे की कोशिश की।
काफी देर कार्रवाई न होने पर मृत बछड़े को लेकर नगर निगम तिराहा पर चक्काजाम कर दिया। बीच सड़क पर बैठ नारेबाजी की। मामला सागोद रोड स्थित जैन स्कूल के सामने वाली गली में सोमवार सुबह का है। बछड़े का शव बोरे में ठूंसकर भरा गया था।
लोगों ने बताया कि कचरा वाहन से बछड़े का शव गिरने के बाद भी ड्राइवर ने वाहन नहीं रोका और चला गया। पता लगने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारी आक्रोशित हो गए। इसके बाद वह कार में बछड़े का शव लेकर शहर में नारेबाजी करते हुए नगर निगम पहुंचे।
यहां पर पहले से दो गेट पर निगम अधिकारियों ने ताला लगा दिया। गेट के बाहर पुलिस तैनात हो गई। इससे पदाधिकारी भड़क गए। गेट पर चढ़ अंदर घुसे। पत्थर से ताला तोडऩे की कोशिश की। काफी देर तक कार्रवाई नहीं होने पर मृत बछड़े को लेकर नगर निगम तिराहा पर चक्काजाम कर दिया। बीच सड़क पर बैठ नारेबाजी की।
कमिश्नर ने ड्राइवर और हेल्पर को सेवा से पृथक करने की बात कही। आक्रोशित पदाधिकारियों कहना था कि हमारे सामने जोन प्रभारी, ड्राइवर और हेल्पर को लाया जाए। इस बात को लेकर काफी हंगामा चलता रहा। बाद में ड्राइवर और हेल्पर कचरा वाहन लेकर नगर निगम में पहुंचे लेकिन चुपचाप उन्हें पीछे के रास्ते अंदर कर दिया। तब पदाधिकारी वहां पहुंच गए। पदाधिकारियों ने ड्राइवर के नाम पूछे तो निगम कमिश्नर ने बताया ड्राइवर सादिक कुरैशी है। हेल्पर करण गौसर है। तब दोनों को बुलाने की बात पर लोग अड़ गए।
काफी देर तक कुछ कार्रवाई नहीं होने पर मृत बछड़े को लेकर नगर निगम के सामने बीच सड़क पर बैठे चक्काजाम कर दिया। कुछ देर में महापौर प्रहलाद पटेल पहुंचे। उन्होंने सड़क पर घुटने के बल बैठे पदाधिकारियों से चर्चा की। महापौर ने कहा कि गोपाल सड़कों पर पशु छोड़ देते है। हम जब पकड़ते है तो लोग छुड़ाने आ जाते है। इस बात पर पदाधिकारी भड़क गए।
कहने लगे कि महापौर होकर आप इस प्रकार की बातें कर रहे हो। आपको ऐसे लोगों पर कार्रवाई करना चाहिए। बाद में महापौर ने कचरा वाहन ड्रायवर व हेल्पर को बुलाया। उनसे पूछा कि कहां से बोरा रखा था। लेकिन वह सही से बता नहीं पाए। बाद में पुलिस कार्रवाई के आश्वासन पर सभी माने। फिर निगम के वाहन से बछड़े को लेकर कर्मचारी व पदाधिकारी रवाना हुए।
निगम कमिश्नर अनिल भाना ने कहा कि जांच करवाकर जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि 12 बजे संज्ञान में आया थी कचरा वाहन के ऊपर बछड़ा रखा था। वह सड़क पर गिर गया। नगर में किसी भी गोशाला व गोपालक की कही भी गाय का बच्चा व गाय शांत होती है तो नगर निगम को सूचना दी जाती है।
उसी कड़ी में इनको उस कार्य को लेकर कहा होगा। अभी वह सही बोल नहीं पा रहे है। जो भी इस मामले में दोषी होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने कहा कि वाहन के ड्रायवर व क्लीनर से पूछताछ की जा रही है। वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गेट पर ताला नगर निगम द्वारा बंद लगाया था। बातचीत के बाद कमिश्नर द्वारा खुलवा दिया।

You missed

error: Content is protected !!