खबर पक्की, 30 अगस्त, रतलाम। मुख्य पोस्ट ऑफिस से 7 लाख रुपए की चोरी के दो दिन बाद ही शुक्रवार रात को चोरों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी के फॉर्म हाउस और दो दुकानों को निशाना बनाया। जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में आक्रोश है। वहीं पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात जावरा के औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रदीप चौधरी के फॉर्म हाउस पर हुई। फॉर्म हाउस पर चौकीदार देवीलाल गुर्जर और उनकी पत्नी रहते हैं, लेकिन शुक्रवार शाम को दोनों किसी काम से बाहर गए हुए थे। इस दौरान रात 8 से 10 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने फॉर्म हाउस में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोर यहां से, एसी की मशीन, क्रह्र सिस्टम, मिक्सर, 1 किलो चांदी, 12 हजार रुपए नकद, किचन का सामान और अलमारी के कपड़े चोरी कर ले गए। चोरों ने फॉर्म हाउस के सामान को बिखेर दिया और अलमारी खोलकर उसमें रखे कपड़े भी ले गए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, वारदात के समय मुंबई में थे। उन्होंने बताया कि उन्हें देर रात वारदात की सूचना मिली। चोरी हुए सामान में एक किलो चांदी चौकीदार की थी, जो पिछले 8 साल से उनके फॉर्म हाउस पर काम कर रहा था।
चौधरी को संदेह है कि यह चोरी किसी जान-पहचान वाले ने की हो सकती है। पुलिस भी चौकीदार से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, चोर ने फॉर्म हाउस से एक कमरे में रखी सीढ़ी का इस्तेमाल किया था और एसी की मशीन दीवार के पीछे से निकालने में कामयाब हुआ था।
इसी रात चोरों ने जावरा के रेलवे फाटक के पास स्थित दो दुकानों के ताले भी तोड़े। महालक्ष्मी नमकीन दुकान के संचालकों अंकित और दीपक पोरवाल के अनुसार, चोरों ने दुकान से 70 हजार रुपए से ज्यादा की नकदी चोरी की। दूसरी दुकान, झामनदास देवानी की किराना दुकान के ताले भी तोड़े गए, लेकिन इंटरलॉक के कारण यहां चोरी नहीं हो पाई।
सिटी थाना पुलिस और हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी कुलदीप पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में गिरफ्तारी की जाएगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष के फॉर्म हाउस पर चोरी : एक किलो चांदी, नकदी समेत फ्रीज-एसी ले गए बदमाश; दो दुकानों के भी टूटे ताले
