• Wed. Oct 7th, 2026

भगवा झंडे के ऊपर मुस्लिम पक्ष ने लगाया झंडा, हिंदू-मुस्लिम पक्ष आमने-सामने; पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी

BySurendra Jain

Aug 30, 2025

खबर पक्की, 30 अगस्त, रतलाम। कलाईगर रोड पर शनिवार दोपहर झंडे लगाने को लेकर हिंदू और मुस्लिम पक्षों में गहमागहमी हो गई। क्षेत्र के बीच आधा हिस्सा हिंदू बाहुल्य और आधा मुस्लिम परिवारों का है। गणेश प्रतिमा स्थापना स्थल के पास आयोजन समिति ने खंभों पर भगवा झंडे लगाए थे, जिस पर मुस्लिम पक्ष ने आपत्ति जताई और अपनी ओर भी झंडे लगाने की मांग कर दी। इससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढऩे पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
गली में स्थापित गणेश प्रतिमा के पास आयोजन समिति ने खंभों पर भगवा झंडे लगाए थे। मुस्लिम पक्ष का कहना था कि ईद मिलादुन्नबी नजदीक है, ऐसे में उनकी ओर भी झंडे लगाए जाएं। कुछ जगह पर उन्होंने भगवा झंडे के ऊपर अपने झंडे भी लगा दिए, जिससे विवाद और बढ़ गया।
यह गहमागहमी शनिवार दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक बनी रही। दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए थे। हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगडऩे की आशंका को देखते हुए पुलिस बल ने मोर्चा संभाला।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव, आरआई मोहन भर्रावत और अन्य अधिकारी फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद लोग शांत हुए और अपने-अपने घर चले गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों को समझाने के बाद स्थिति सामान्य है। फिलहाल क्षेत्र में बल तैनात है और नजर बनाए रखी गई है ताकि किसी भी तरह की स्थिति दोबारा न बने।

You missed

error: Content is protected !!