• Wed. Oct 7th, 2026

कृषि विस्तार अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

BySurendra Jain

Aug 28, 2025

खबर पक्की, 28 अगस्त, रतलाम। जिले के सैलाना में कृषि विस्तार अधिकारी मगनलाल मेडा (48) को उज्जैन लोकायुक्त टीम ने गुरुवार दोपहर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। अधिकारी खाद-बीज दुकान का लाइसेंस देने के नाम पर कुल 30 हजार रुपए की मांग कर चुका था। इसमें से 15 हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था। शेष 10 हजार रुपए लेते हुए उसे लोकायुक्त ने ऑफिस में ही पकड़ लिया।
लोकायुक्त इंस्पेक्टर राजेंद्र वर्मा ने बताया कि ग्राम सकरावदा निवासी विजय सिंह राठौर ने 26 अगस्त 2025 को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि मई में उन्होंने खाद-बीज और कीटनाशक की दुकान खोलने के लिए लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया था। जुलाई में लाइसेंस स्वीकृत होने का मैसेज उनके मोबाइल पर आया, लेकिन ऑरिजनल लाइसेंस कॉपी देने के लिए कृषि विस्तार अधिकारी मेडा ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। —-पहले ले चुका था 15 हजार रुपए
अधिकारियों के मुताबिक 21 अगस्त 2025 को कृषि विस्तार अधिकारी मेडा ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए ले लिए थे। इसके बाद वह शेष 10 हजार रुपए के लिए लगातार दबाव बना रहा था। लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर शिकायतकर्ता से आरोपी को फोन कराया। आरोपी ने खुद को मीटिंग में बताकर दोपहर बाद मिलने को कहा।
ऑफिस में पकड़ाया अधिकारी
लोकायुक्त टीम ने दोपहर करीब ढाई बजे सैलाना पहुंचकर निगरानी रखी। शिकायतकर्ता ने जैसे ही 10 हजार रुपए आरोपी को दिए और उसने पैसे पेंट की जेब में रखे, उसी दौरान टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
टीम में रहे शामिल अधिकारी-कर्मचारी
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के साथ हेड कॉन्स्टेबल कन्हैया, हितेश ललावत, कॉन्स्टेबल विशाल रेशमिया, नेहा मिश्रा और नीरज राठौर शामिल रहे।

You missed

error: Content is protected !!