खबर पक्की, 22 अगस्त, रतलाम। उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा ने आज जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर अपराधों की समीक्षा की ओर कानुन- व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। आपने त्यौहारों के दौरान पुलिस के व्यस्त होने के पूर्व मंगलवार को शिविर लगाकर सीएम हेल्पलाइन एवं थानों पर पेंडिंग शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए।
उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे नीमच से रतलाम आए। यहां उन्होंने डायल 112 के 21 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद एसपी कार्यालय में सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली।
शिविर लगाकर होगा शिकायतों का निराकरण
बैठक में उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि आगामी दिनों में लगातार त्यौहार है। ऐसे में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस काफी व्यस्त हो जाएगी। इसलिए इस मंगलवार को वृहद स्तर पर शिविर लगाकर सीएम हेल्पलाइन और थानों पर पेंडिंग सभी शिकायतों का निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का निराकरण और सुरक्षा प्राथमिकता होना चाहिए।
बैठक के दौरान उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा ने अपराधों की समीक्षा करते हुए जिले के समस्त एसडीओपी को दो-तीन घंटे अपने अधीनस्थ थानों में बैठकर वहां विवेचना का सुपरविजन करने के निर्देश भी दिए।
अपहरण और छेड़छाड़ की घटनाओं पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
एडीजीपी उमेश जोगा ने जिले में महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए अपहरण और छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर स्कूल, कॉलेज और अन्य स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिले में रावटी, बजाना, शिवगढ़, आईए रतलाम, डीडी नगर, सरवन आदि थाना क्षेत्रों में अपहरण के मामले काफी पाए गए। 2025 में इस वर्ष अभी तक 200 के करीब अपहरण के मामले जिले में दर्ज हुए हैं, जिसमें से 80 प्रतिशत मामलों में बरामदगी हो चुकी है। श्री जोगा ने अपहरण के प्रकरणों में कारणों की पड़ताल करते हुए जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा।
अनावश्यक खड़े रहने वाले तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश
उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा ने शहर में चाकूबाजी की घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए सार्वजनिक स्थान बस स्टैंड, चौराहा, रेलवे स्टेशन, पान की दुकानों पर लगातार चेकिंग करने और अनावश्यक खड़े रहने वाले तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह रहे मौजूद
बैठक के दौरान डीआईजी मनोज सिंह, एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान, जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
यह निर्देश भी दिए
- थाना प्रभारी लगातार अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग करें।
- चिन्हित अपराधों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए।
- जुआं, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- हाईवे एक्सीडेंट और तेज रफ्तार के कारण होने वाले एक्सीडेंट वाले स्पाट को चिन्हित कर वहां आवश्यक कार्रवाई की जाए।
- नाबालिक द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए जागरूक भी किया जाए।
- किसी भी तरह की घटना होने पर थाना प्रभारी तत्काल अपराध दर्ज करें।
