खबर पक्की, 18 अगस्त, रतलाम। गांव बिरमावल में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलिस चौकी से महज 300 फीट की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत की दुकानों में चोरों ने धावा बोल दिया। तीन चोरों ने दुकानों के शटर तोड़कर एक दुकान से लाखों का सामान चुरा लिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
नवदुर्गा मोटर बाइंडिंग के संचालक दशरथ रघुनंदन पाटीदार ने बताया कि 14 अगस्त की रात को तीन बदमाशों ने सब्बल से शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। चोर 50 किलो कॉपर वायर और 150 किलो पुराना स्क्रैप चुरा ले गए।
कुल मिलाकर 1 लाख 92 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। चोरों ने रघुनंदन पाटीदार की दुकान के पास स्थित शांतिलाल मालवीय और पवन पीपाड़ा की दुकानों के ताले भी तोड़े, लेकिन वहां से कुछ नहीं चुरा पाए।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे तीन नकाबपोश
सोमवार को सामने आए घटना के सीसीटीवी में तीन बदमाश दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए हैं। दो चोर दुकान के भीतर प्रवेश कर सामान निकालते हैं, जबकि तिसरा बाहर खड़ा रहता है। अंदर से सामान लेकर वे बाहर बैठे साथी को देते हैं।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी दर्ज
बिलपांक थाना पुलिस ने दशरथ रघुनंदन पाटीदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और चोरों को पकडऩे के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम संदेहियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है।
रतलाम में दुकान का शटर उचकाकर लाखों की चोरी, सीसीटीवी, 50 किलो स्क्रैप-कॉपर वायर ले गए नकाबपोश, पुलिस चौकी से 300 फीट दूर हुई वारदात
